मंडी : धर्मवीर -मंडी-सुंदरनगर मार्ग पर रैश ड्राइविंग करने वाले निजी बस चालकों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस प्रशासन एक्शन मोड में आ गई है। रैश ड्राइविंग कर यात्रियों की जान खतरे में डालने के शिकायतें लंबे समय से प्रशासन के पास पहुंच रही थी। वहीं यात्रियों के विरोध करने पर निजी बस ऑपरेटर गाड़ी से उतरने की धमकी देते हैं और यात्रियों से अभद्र भाषा में बात करते हैं। इस संबंध में भी पुलिस प्रशासन के पास कई शिकायतें पहुंच रही थी।
एएसपी सागर चंद्र ने क्षेत्र के पुलिस थानों व चौकियों को सख्त निर्देश जारी कर दिए हैं कि ऐसे बिगड़ैल वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएं। पुलिस प्रशासन ऐसे बिगड़ैल बस ऑपरेटरों को पहले नोटिस जारी करेगी। उसके बाद ट्रैफिक निमयों की धज्जियां उड़ाने और यात्रियों की जिंदगियों को खतरे में डालने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और उनके चालान भी किए जाएंगे। जिससे बिगड़ैल बस चालकों को इस तरफ के रवैये अपनाने पर पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई याद रहे और भविष्य में ऐसे गलती न करने की सोचें।एएसपी मंडी सागर चंद्र ने कहा कि उन्होंने पुलिस थाना व चौकियों में निर्देश जारी कर दिए हैं। बिगड़ैल निजी बस चालकों को ट्रैफिक नियमों की उल्लंघना पर कभी भी बख्शा नहीं जाएगा। इसलिए निजी बस ऑपरेटर सभी नियमों की पालन करें। अन्यथा कार्रवाई के लिए ऑपेरटर स्वयं जिम्मेदार होंगे। उन्हें फिर कोई भी ढील नहीं दी जाएगी
वर्दी डालकर ड्यूटी दें ऑपरेटर, बसों की रखें मेंटेंनेसः
पुलिस विभाग के निर्देशानुसान सभी बस चालक-परिचालकों को ड्यूटी पर आने से पहले सरकार के निर्देशानुसान जो वर्दी पहननी होगी। अगर ऐसा नहीं करते हैं तो बस चालक परिचालकों को वर्दी न डालने पर भी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। साथ ही अगर बस की मेंटेंनेस सही नहीं है और कभी भी खस्ता स्थिति में हादसे का शिकार हो सकती है तो उन बसों को पुलिस द्वारा कब्जे में भी लिया जा सकता है। क्योंकि खस्ताहाल बसों में यात्रियों को ढोना मतलब उनकी जिंदगियों से खेलना है। इसलिए सभी निजी बसें की मेंटेंनेस सही होना अनिवार्य है।
