सोलन/योगेश शर्मा: प्रदेश में डेंगू के साथ-साथ स्क्रब टायफस के मामले भी लगातार पैर पसारते जा रहे हैं। बड़ी बात तो यह है कि डेंगू और स्क्रब टायफस दोनों ही जानलेवा साबित हो रहे हैं। जिसके चलते स्वास्थ्य विभाग भी पूरी तरह से अलर्ट है। वहीं स्क्रब टायफस को लेकर प्रदेश सरकार ने भी अलर्ट जारी कर दिया है। साथ ही लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।
सोलन में भी स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्क्रब टायफस को लेकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। सीएमओ सोलन डॉ राजन उप्पल ने बताया कि स्क्रब टायफस घास में एक कीड़ा जिसे पिसु कहते है, उसके काटने से फैलता है। ऐसे में लोग जब भी काम करने के लिए घास के बीच जाए तो अपने हाथ पैर को पूरी तरह से ढक कर रखें ताकि उन्हें यह कीड़ा ना काट सके।
उन्होंने बताया कि यदि इस कीड़े के काटने पर किसी व्यक्ति को बुखार या फिर कोई अन्य लक्षण दिखाई देते है तो तुरंत उसे अस्पताल लेकर आए और चिकित्सक से इसको लेकर जानकारी लेते हुए इसका इलाज जरूर करवाएं। उन्होंने कहा कि जिला में स्क्रब टायफस को लेकर लगातार जागरूकता शिविर आयोजित किया जा रहे है। वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी गांव गांव में इसके बारे में लोगों को जागरूक भी कर रही है।
