संजु चौधरी, शिमला: प्रदेश में इन दिनों लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा हैं। वहीं बारिश ना होने की वजह से खुश और सर्द मौसम बीमारियों की वजह भी बन रहा हैं, लेकिन इन सर्द हवाओं से प्रदेशवासियों को राहत मिलने की संभावना कम नजर आ रही हैं। प्रदेश में आने वाली 29 दिसंबर से मौसम करवट लेगा। 29 दिसंबर से प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ प्रवेश कर रहा हैं, जिसके कारण ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश होने की संभावना जताईजा रही हैं। पश्चिमी विक्षोभ का असर प्रदेश में दो दिन तक देखने को मिल सकता है जिससे दिन के तापमान में भी गिरावट आने के आसार हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक संदीप शर्मा ने बताया कि 29 दिसंबर से प्रदेश में एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ प्रवेश कर रहा हैं, जिसके कारण चंबा, लाहौल स्पीति, किन्नौर, शिमला और कुल्लू के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में 29 और 30 को बर्फबारी होने की संभावना हैं। वहीं इस दौरान मैदानी इलाकों में बारिश हो सकती हैं। 28 दिसंबर तक प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा।मैदानी इलाकों में अभी आने वाले दिनों में धुंध बने रहने की संभावना हैं।
उन्होंने बताया कि 30 दिसंबर के बाद मैदानी इलाकों में धुंध का प्रकोप कम होने के आसार हैं। तापमान की बात की जाए तो केलांग में तापमान -5.1, किन्नौर में शून्य से कम दर्ज किया गया हैं। वहीं मंडी में 0.5 डिग्री तापमान चल रहा हैं। 2016 के बाद प्रदेश में अभी तक दिसंबर माह में सबसे अधिक ड्राई स्पेल रहा हैं। पश्चिमी विक्षोभ का असर प्रदेश में दो दिन तक बना रहेगा। उसके बाद एक बार फिर नववर्ष पर पर्यटकों के लिए बर्फबारी होने की आस अधूरी रह सकती हैं। वहीं अब प्रदेश में दिन के तापमान में भी गिरावट दर्ज की जाएगी।
