संजीव महाजन, नूरपुर : कॉलेज में प्रवेश के लिए आवेदन करने वाले बहुत से छात्रों की ऑनलाइन फ़ीस पोर्टल बंद होने की वजह से जमा नहीं हो पाई है। फ़ीस जमा ना होने से छात्रों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। छात्रों की इसी समस्या को लेकर आज एनएसयूआई नूरपुर इकाई ने कॉलेज कार्यकारी प्रिंसिपल को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने नई एडमिशन लेने वाले छात्रों की फीस संबधी समस्या को प्रिंसिपल के समक्ष रखा। इकाई अध्यक्ष पवन कुमार ने बताया की महाविद्यालय में कई ऐसे छात्र हैं जिनके ऑनलाइन फॉर्म तो भरे गए हैं लेकिन आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने की वजह से कई छात्र फीस जमा करवाने से वंचित रह गए है।
उन्होंने बताया कि यूनिवर्सिटी की ओर से फीस जमा करवाने वाले पोर्टल को बंद कर दिया गया है, जिस कारण 200 से अधिक छात्र को एडमिशन नहीं मिली है। उन्होंने प्रिंसिपल के माध्यम से यह मांग की है कि फीस पोर्टल को कुछ दिनों के लिए खोला जाए जिससे छात्रों का भविष्य खराब ना हो। वहीं कार्यकारी प्रिंसिपल दिनेश शर्मा ने आश्वस्त किया है कि वह जल्द ही इस मामले में यूनिवर्सिटी प्रशासन से संपर्क करेंगे और छात्रों को राहत देने का प्रयास करेंगे।
