सुभाष ठाकुर, बिलासपुर – बिलासपुर के झंण्डूता व घुमारवीं विधान सभा क्षेत्र में हिमाचल प्रदेश की स्थापना के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा। बचत भवन बिलासपुर में कार्यक्रम की पूर्व तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री राजेन्द्र गर्ग की अध्यक्षता में हुई। बैठक में विशेष रूप से झंण्डूता विधानसभा क्षेत्र के विधायक जे आर कटवाल और सदर विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुभाष ठाकुर उपस्थित रहे।
राजेन्द्र गर्ग ने कहा कि झंण्डूता में 5 अगस्त को सुबह 11 बजे और घुमारवीं में दोपहर 1 बजे इन कार्यक्रमों की अध्यक्षता मुख्यमन्त्री जय राम ठाकुर करेंगे। कार्यक्रम में बड़ी रैली निकाली जायेगी, जिसमें पांच हजार से भी ज्यादा लोग शामिल रहेंगे।
मन्त्री ने कहा कि इन कार्यक्रमों का उद्देश्य प्रदेश सरकार की उपलब्धियों, नीतियों एवं कार्यक्रमों को प्रसारित करना है । उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से यह संदेश दिया जायेगा कि 75 वर्षों के दौरान प्रदेश के इतिहास, विकास और प्रगति में राज्य के प्रत्येक नागरिक का योगदान रहा है।
