राकेश ऊना:जिला ऊना में सभी मतदाताओं के मतदान पहचान पत्र को उनके आधार संख्या से जोड़ने के लिए अभियान की शुरुवात की गई है। इस अभियान के तहत 31 मार्च 2023 तक मतदाता पहचान पत्रों को आधार से जोड़ा जाएगा। इस बारे में जानकारी जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त ऊना ने दी है।
उपायुक्त राघव शर्मा ने बताया कि मतदाताओं से आधार संग्रह का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची में प्रत्येक मतदाता की प्रविष्टियों का प्रमाणीकरण करके उन्हें भविष्य में बेहतर चुनावी सेवाएं प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि नागरिक जिनका नाम मतदाता सूची में दर्ज है, उन्हें अपना आधार नंबर अपने वोटर कार्ड के साथ ऑफलाईन/ऑनलाईन लिंक करवाना होगा। इसके लिए फाॅर्म 6बी का इस्तेमाल होगा जोकि भारत निर्वाचन आयोग के एनवीएसपी पोर्टल व वोटर हेल्पलाईन मोबाईल ऐप (वीएचए) पर ऑनलाईन उपलब्ध है। इसके अलावा जिला के प्रत्येक मतदान केंद्र पर नियुक्त बूथ लेवल अधिकारी द्वारा घर-घर जाकर भी मतदाताओं से फाॅर्म 6बी में उनकी आधार संख्या एकत्र की जाएगी। उन्होंने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे इस अभियान को सफल बनाने में पूर्ण सहयोग करें।
