राहुल चावला,धर्मशाला: हिमाचल दिवस के अवसर पर धर्मशाला के पुलिस मैदान में जिला स्तरीय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कृषि एवं पशु पालन मंत्री प्रो. चंद्र कुमार ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और राष्ट्रीय ध्वज फहराया। मुख्य संसदीय सचिव आशीष बुटेल ओर किशोरी लाल समारोह में विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कृषि मंत्री ने सुबह 10.30 बजे शहीद स्मारक में माल्यापर्ण किया एवं शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके उपरांत पुलिस मैदान में ध्वजारोहण कर परेड का निरीक्षण कर शानदार मार्च पास्ट की सलामी ली। परेड में पुलिस, होम गार्डस, एससीसी, एनएसएस ओर स्काउट व गाइडस के दलों ने भाग लिया। समारोह में विभिन्न शिक्षण संस्थानों के बच्चों और सांस्कृतिक दलों की ओर से हिमाचली संस्कृति व देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।
इसके बाद कृषि मंत्री ने जिला वासियों को संबोधित किया। उन्होंने प्रदेशवासियों को हिमाचल दिवस पर बधाई देते हुए कहा कि आज का दिन हिमाचल प्रदेश के लिए सबसे ऐतिहासिक दिन है और आज ही के दिन संपूर्ण हिमाचल बना था । मंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की विकास गाथा में कई सरकारों का अहम योगदान रहा हैं और आज हिमाचल निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल वीरभूमि भी है और इसके लिए कई वीरों ने अपनी कुर्बानियां दी हैं और आज प्रदेश ऐसे महान वीर सपूतों को भी स्मरण करता हैं। उन्होंने कहा कि आज हिमाचल अपने पैरों पर खड़ा हुआ है और इसके लिए कई मुख्यमंत्रियों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया हैं। हिमाचल दिवस के कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया।
