विकास शर्मा, चिंतपूर्णी: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला में स्थित विश्व विख्यात शक्तिपीठ मां चिंतपूर्णी के दरबार में रविवार को आस्था और श्रद्धा का सैलाब उमड़ा। भारी संख्या में श्रद्धालु यहां माता रानी के दर्शनों के लिए पहुंचे। भीड़ इतनी थी कि श्रद्धालुओं की डबल लाइनें लुधियाना धर्मशाला को भी पार कर गई।
श्रद्धालुओं को दर्शन करने के लिए 3 से 4 घंटे का समय लगा, हालांकि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर के कपाट सुबह 2 बजे के करीब ही खोल दिए गए थे बावजूद इसके भी श्रद्धालुओं को काफी लंबा समय माता रानी के दर्शनों के लिए लगा।
मंदिर न्यास ने श्रद्धालुओं की सुविधा किए चिंतपूर्णी बाजार में टेंट लगवाए थे, ताकि श्रद्धालुओं को लाइनों में खड़े मिले और पीने के पानी के लिए निशुल्क व्यवस्था की थी। वहीं दोपहर 12 बजे तक 10 हज़ार से अधिक श्रद्धालुओं ने माता रानी के दरबार में दर्शन करने के लिए दर्शन पर्ची ली थी। सहायक मंदिर अधिकारी अशोक डोगरा ने कहा श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए मंदिर न्यास ने काफी प्रबंध किए हुए हैं, जबकि उच्च अधिकारियों के आदेश के बाद लिफ्ट को बंद रखा गया है ताकि लाइन व्यवस्था सुचारू रूप से चले।
मंदिर की लिफ्ट बंद होने से बुजुर्गों ओर दिव्यागों को हुई परेशानी
शनिवार देर शाम को डीसी ऊना राघव शर्मा की ओर से लिफ्ट के रास्ते को बंद करने के आदेश के कारण रविवार को व्यवस्था में काफी सुधार देखा गया, परंतु बुजुर्ग और दिव्यांगों को लिफ्ट की सुविधा नहीं मिली जिसके कारण कई बुजुर्ग और दिव्यांग लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं दूसरी और लिफ्ट बंद रहने के कारण लाइन व्यवस्था सुचारू रूप से चली और श्रद्धालुओं को कम समय में माता रानी के दर्शन करने को मिले। इसके अलावा लिफ्ट के बाहर श्रद्धालुओं का जमघट भी इकट्ठा नहीं हुआ।
