Shimla, Sanju (TSN)-जम्मू-कश्मीर में शिक्षा प्राप्त कर रहे हिमाचल प्रदेश के विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए राज्य सरकार ने उनकी सुरक्षित घर वापसी के लिए ठोस कदम उठाए हैं। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के निर्देश पर श्रीनगर में रह रहे 39 हिमाचली छात्रों को आज सुबह 11 बजे बस के माध्यम से जम्मू के लिए रवाना किया गया।
यह विशेष बस जम्मू-कश्मीर राज्य परिवहन विभाग द्वारा उपलब्ध करवाई गई थी और इसके शाम 5 बजे तक जम्मू पहुंचने की संभावना थी। हालांकि, बनिहाल के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर भारी ट्रैफिक जाम के कारण देरी हुई, और अब छात्रों के देर रात जम्मू पहुंचने की उम्मीद है।
छात्रों लाने के लिए HRTC बस जम्मू रवाना
हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के प्रबंध निदेशक डॉ. निपुण जिंदल ने बताया कि छात्रों को हिमाचल लाने के लिए एचआरटीसी की एक बस जम्मू रवाना कर दी गई है, जो उन्हें कांगड़ा जिले के जसूर तक लेकर आएगी। छात्रों को कल सुबह जसूर पहुंचाया जाएगा।
सभी छात्रों की यात्रा पूर्णतः निःशुल्क
मुख्यमंत्री सुक्खू ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी छात्रों की यात्रा पूर्णतः निःशुल्क हो और उन्हें जम्मू में सुरक्षित ठहरने की व्यवस्था उपलब्ध करवाई जाए। जसूर पहुंचने के उपरांत छात्रों को उनके गृह जिलों तक पहुंचाने के लिए परिवहन सुविधा भी उपलब्ध करवाई जाएगी।राज्य सरकार का यह त्वरित निर्णय संकट की घड़ी में छात्रों और उनके परिवारों के लिए राहत का संदेश लेकर आया है।
