सोलन/योगेश शर्मा: सोलन में कांग्रेस के धनीराम शांडिल तो भाजपा से राजेश कश्यप विधानसभा चुनावों में उम्मीदवार होंगे। गौरतलब है कि 2017 में भी भाजपा और कांग्रेस ने इन्ही प्रत्याशियों पर दाव खेला था। पिछली बार भाजपा प्रत्याशी राजेश कश्यप को 671 वोटों के अंतर से हार का सामना करना पड़ा था। सोलन विधानसभा का चुनाव समूचे हिमाचल में चर्चा का विषय रहा था। ऐसा हम इसलिए कह रहे है क्योंकि इस चुनावी जंग में कांग्रेस से ससुर धनीराम शांडिल और भाजपा से दामाद राजेश कश्यप पर भाजपा और कांग्रेस ने फिर से दाव खेला था।
इस बार भी दोनों आमने सामने है। इस बार चुनावी परिणाम कैसे रहेंगे इसको लेकर चर्चाएं भी आरम्भ हो गई है। भाजपा नेता नेता राजेश कश्यप टिकट मिलते ही नामांकन की तैयरियों में जुट चुके है। आज वह नगर निगम पहुंचे और आवश्यक दस्तावेज एकत्र करते नज़र आए। राजेश कश्यप ने इस मौके पर अपने शीर्ष नेतृत्व का धन्यवाद किया और कहा कि वह चुनावों के लिए फिर से तैयार है। उन्होंने कहा कि पिछले चुनावों में वह नए थे इसलिए थोड़ी कमी रह गई थी लेकिन इस बार इस कमी को पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के प्रत्याशी उनके ससुर है लेकिन वह पार्टी के कर्मठ कार्यकर्ता हैं और वह जीत के लिए सच्चे सिपाही की तरह काम करने वाले है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी एक जुटता के साथ यह चुनाव लड़ेगी और यह चुनाव जीतेगी।
