बिलासपुर : सुभाष ठाकुर – पुलिस थाना सदर के तहत जबली जेल में नशे की सामग्री फेंकने के मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। जेल की सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर एक संदिग्ध व्यक्ति पाया गया जबकि एक गाड़ी भी ट्रेस हुई। इस पर पुलिस ने गाड़ी और संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
27 अप्रैल को जेल में फेंकी थी संदिग्ध वस्तु, जेल के सहायक अधीक्षक की शिकायत पर चल रही थी जांच
डीएसपी राजकुमार ने बताया कि बीती 27 अप्रैल
को पुलिस स्टेशन सदर में जबली जेल में कोई संदिग्ध वस्तु फेंके जाने की एक शिकायत सहायक अधीक्षक जेल की ओर से आई थी जिस पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर पड़ताल की थी। पुलिस को जेल के सहायक अधीक्षक ने संदिग्ध वस्तु दिखाई और जब वस्तु चेक की गई तो चिटटा पाया गया था। यह चिटटा 6.70 ग्राम पाया गया था।
जेल के सहायक अधीक्षक के बयान पर पुलिस ने सदर में मामला दर्ज किया था। जांच के दौरान जब सीसीटीवी फुटेज को खंगाला गया तो एक व्यक्ति संदिग्ध पाया गया और चिंहित कर लिया गया। चांदपुर क्षेत्र से ताल्लुक रखने वाले इस युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। जब इस मामले में ट्रेस की गई गाड़ी को भी कब्जे में लिया गया है। मामले की जांच की जारी है।
