बिलासपुर (सुभाष ठाकुर): झंडूता विधानसभा क्षेत्र के विधायक जेआर कटवाल की कार्यप्रणाली पर उनके ही विधानसभा क्षेत्र के एक प्रधान ने सवाल खड़े किए हैं। झंडूता विस क्षेत्र के तहत आने वाली हीरापुर पंचायत के प्रधान प्रताप ठाकुर ने कहा कि पांच साल हो गए हैं, लेकिन उनकी पंचायत में एक बार भी झंडूता के विधायक नहीं आए। कई बार उनको यहां पंचायत का दौरा करने के लिए कहा गया, लेकिन उनकी ओर से कोई भी संतोषजनक जवाब नहीं आया है। वहीं, उन्होंने सवालिया निशान लगाते हुए कहा कि उनकी पंचायत के साथ लगते एरिया में दो बार टारिंग का कार्य हो गया, लेकिन पांच सालों में एक बार भी उनकी पंचायत में टारिंग का कार्य नहीं हुआ है।
उन्होंने बिलासपुर में पत्रकारों को जानकारी देते हुए कहा कि उनकी पंचायत में लंबे समय से सामुदायिक भवन बनकर तैयार है, लेकिन उसका अभी तक उद्धघाटन नहीं किया गया है। स्वास्थ्य सुविधा को लेकर उन्होंने कहा कि एक टूटे कमरे में अभी भी मरीजों की जांच की जाती है जिससे उस स्वास्थ्य केंद्र में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है लेकिन स्थानीय विधायक का इस ओर कोई भी ध्यान नहीं है।
उन्होंने यह भी सवाल खड़े किए हैं सड़क टारिंग कार्य को लेकर उन्होंने पीडब्लयूडी विभाग के अधिकारियों से भी बात की, लेकिन उनकी ओर से भी कोई जवाब नहीं आया। उन्होंने बताया कि स्थानीय विधायक ने उनकी पंचायत के लिए एक रूपये तक की मदद नहीं की है और न ही पांच सालों में वह एक बार उनकी पंचायत में आए हैं। पंचायत प्रधान प्रताप ठाकुर ने कहा कि हीरापुर पंचायत की लगभग 1500 के करीब आबादी है। यहां पर पूरी जनता स्थानीय विधायक के इस रवैये से परेशान है। साथ ही उन्होंने सर्वसम्मति से निर्णय लिया है कि इस बार चुनावों में वह स्थानीय विधायक को पंचायत में आने नहीं देंगे। अगर विधायक उनके पास वोट मांगने के लिए आता है तो उसको बाहर निकाला जाएगा।
