शिमला :चन्द्रिका (TSN)- नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि पूर्व सरकार में चलाई जा रही जनहित की योजनाओं के लाभार्थियों को कोई सहायता नहीं मिल रही है, लेकिन जब भी मुख्यमंत्री से यह बात पूछी जाती है तो हमेशा यही जवाब आता है कि कोई योजना बंद नहीं हुई है। न योजना बंद हुई है और न ही योजनाओं का पैसा लोगों को मिल रहा है। समझ में नहीं आ रहा है कि क्या हो रहा है।
सहारा जैसी योजनाओं का पैसा जारी करे सरकार
जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री को बताना चाहिए कि अगर योजना बंद नहीं हुई है तो लोगों को पेंशन क्यों नहीं मिल रही है। अशक्त लोगों को पेंशन न दे पाने वाली व्यवस्था परिवर्तन इस प्रदेश को स्वीकार नहीं है। जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री को संवेदना के आधार पर काम करते हुए सहारा जैसी योजनाओं का पैसा हर महीनें जारी करना चाहिए।
जयराम ठाकुर ने कहा कि आज सरकार में बैठे विधायक भी सरकार से परेशान हैं और अपनी आवाज़ उठा रहे हैं। युवा नौकरी के लिए सड़कों पर हैं। कर्मचारी वेतन के लिए सड़कों पर हैं। प्रदेश में हर वर्ग आज सरकार से नाराज़ भी हैं और निराश भी हैं। इसके बाद भी सरकार गंभीर नहीं है। इस बजट में विकास को रफ़्तार देने की कोशिश की जा सकती थी लेकिन मुख्यमंत्री ने पुरानी बजट में घोषित योजनाओं को बिना वित्तीय प्रबंध इस बार के बजट में भी शामिल कर दिया। सरकार के इस रवैये से साफ़ है कि इस बार के बजट में की गई बातें भी हवा हवाई हैं।
