राहुल चावला, धर्मशाला: बौद्ध धर्म गुरु दलाई लामा की सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर उनकी छवि को धूमिल करने से गुस्साए निर्वासित तिब्बती संगठनों ने सोमवार को विरोध प्रदर्शन किया। इसके चलते ग्लोबल सिटी मैकलोड़गंज से लेकर धर्मशाला तक निर्वासित तिब्बतियों के कई संगठनों और स्थानीय लोगों ने बड़े स्तर पर आक्रोश रैली निकाली। मैकलोड़गंज से बाया खड़ा डंडा रोड होते हुए करीब पांच से सात किलोमीटर की पैदल यात्रा कर हाथों में तख्ती लिए नारेबाजी करते हुए सैकड़ों की संख्या में ये लोग धर्मशाला के कचहरी अड्डा पहुंचे और यहां आकर उन्होंने बौद्ध धर्मगुरु दलाईलामा पर सवाल खड़े करने वालों को कटघरे में खड़ा किया।
उन्होंने दलाईलामा के ख़िलाफ़ चीन की साजिशों पर भी कई सवाल खड़े किए। इतना ही नहीं इस दौरान उन्होंने दलाईलामा को लेकर सोशल मीडिया और कई मीडिया घरानों पर भी अमर्यादित टिप्पणियां करने की बात कहते हुए उनकी मुख़ालफ़त की।दरअसल अभी हाल ही में बौद्ध धर्मगुरु दलाईलामा और एक बच्चे की सार्वजनिक जगह पर चुंबन करने की वीडियो वायरल हुई जिसमें दलाईलामा बच्चे के आग्रह पर उनसे सौहार्दपूर्ण बातचीत करते हैं और भावनावश बच्चे को जीभ के साथ जीभ मिलाने की बात कहते हैं लेकिन तुरंत संभल जाते हुए देखे गए। हालांकि ये वीडियो जब बनी उस वक्त मौके पर सैकड़ों अनुयायियों समेत उस बच्चे के परिजन भी मौजूद थे, और ये एक शिष्टाचारक भेंट ही थी, बावजूद इसके इस वीडियो को दलाई लामा के विरोधियों ने कई मीडिया प्लेटफॉर्म पर इस कदर प्रेसित किया कि दलाईलामा की छवि धूमिल हो। इसी को मद्देनजर रखते हुए अब तमाम निर्वासित तिब्बतियन और दलाईलामा के हर धर्म में रहने वाले अनुयायियों ने दलाईलामा का समर्थन करना शुरू कर दिया है और उन्हें करारा जवाब देने के लिए इस तरह की आक्रोश रैलियां निकालनी भी जारी कर दी हैं।
निर्वासित तिब्बतियन युवा कांग्रेस के अध्यक्ष गुमन टुंडू ने कहा कि बौद्ध धर्मगुरू दलाईलामा की छवि को चीन पहले से ही वैश्विक स्तर पर धूमिल करने की मंशा रखता हैं। इस वीडियो को भी उन्होंने ही सुनियोजित तरीके से सोशल मीडिया में वायरल किया हैं, ताकि उनकी छवि धूमिल हो। मगर आज दलाईलामा के साथ देश विदेश के लाखों अनुयायी है और हमेशा रहेंगे। उन्होंने सोशल मीडिया और मीडिया पर भी अभद्र तरीके से वीडियो को दिखाने का विरोध किया।
