बिलासपुर,सुभाष-:घुमारवीं की समाजसेवी संस्था संस्कार सोसाइटी ने सरकाघाट में कॉलेज छात्रा की दिनदहाड़े हुई निर्मम हत्या के विरोध में राज्यपाल को एसडीएम घुमारवीं के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। संस्था के पदाधिकारियों और सदस्यों ने इस घटना पर गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। संस्था के संस्थापक महेंद्र धर्माणी ने कहा कि सरकाघाट में कॉलेज जाने वाली छात्रा की दिनदहाड़े हुई हत्या अत्यंत निंदनीय है और यह घटना मानवता को झकझोरने वाली है। उन्होंने कहा कि यह मामला प्रदेश की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है तथा दोषियों को जल्द से जल्द सजा दिलाना आवश्यक है।
महेंद्र धर्माणी ने यह भी कहा कि प्रदेश में नशे का बढ़ता प्रकोप गंभीर चिंता का विषय है और इसके कारण अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने आशंका जताई कि इस हत्या के पीछे नशे की प्रवृत्ति भी एक कारण हो सकती है इसलिए नशे के खिलाफ सख्त कदम उठाने की जरूरत है। उन्होंने राज्यपाल से मांग की कि इस मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराई जाए ताकि पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय मिल सके। इसके साथ ही उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि महिला सुरक्षा को लेकर जमीनी स्तर पर ठोस कदम उठाए जाएं और प्रभावी नीतियां लागू की जाएं। उन्होंने कहा कि केवल औपचारिक आयोजनों तक सीमित रहने के बजाय वास्तविक सुरक्षा सुनिश्चित करना आवश्यक है। संस्कार सोसाइटी ने नशा निवारण के लिए व्यापक अभियान चलाने और नशे के कारोबार में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की मांग भी की।
संस्था का कहना है कि समाज के हर वर्ग को मिलकर इस दिशा में काम करना होगा तभी इस समस्या पर नियंत्रण पाया जा सकता है। महेंद्र धर्माणी संस्थापक संस्कार सोसाइटी उन्होंने यह भी कहा कि सरकार को इस तरह की घटनाओं पर शून्य सहिष्णुता की नीति अपनानी चाहिए और पुलिस प्रशासन को अधिक सक्रिय बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि समय पर कठोर कार्रवाई नहीं होती तो समाज में भय और असुरक्षा का माहौल बढ़ सकता है इसलिए त्वरित न्यायिक प्रक्रिया अत्यंत आवश्यक है। संस्था ने यह भी स्पष्ट किया कि वह भविष्य में भी महिला सुरक्षा और नशा उन्मूलन के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाती रहेगी और जन जागरूकता अभियान तेज करेगी। उन्होंने समाज से अपील की कि ऐसे मामलों में एकजुट होकर आवाज उठानी चाहिए ताकि न्याय प्रणाली मजबूत हो सके और अपराध पर अंकुश लगाया जा सके।
TAGGED:
Bilaspur Sanskar Sanstha
Chandrika
