Una, Rakesh-:अध्यात्म, भक्ति और सनातन संस्कृति की दिव्य ऊर्जा से ओत-प्रोत डेरा बाबा श्री रुद्रानंद जी (नारी) से आज श्रद्धा और विश्वास की ऐतिहासिक पदयात्रा का शुभारंभ हुआ। सद्गुरु वेदांताचार्य ब्रह्मलीन सुग्रीवनंद महाराज जी की पावन प्रेरणा से तथा डेरा के वर्तमान अधिष्ठाता श्री श्री 1008 स्वामी हेमानंद महाराज जी के पावन सान्निध्य और नेतृत्व में यह विशाल पैदल यात्रा मां चिंतपूर्णी के पवित्र धाम के लिए रवाना हुई।
भोर की पहली किरण के साथ, ब्रह्ममुहूर्त की दिव्यता में सुबह ठीक 6 बजे स्वामी हेमानंद महाराज जी ने मां भगवती की ज्योति प्रज्वलित कर गुरुओं का आशीर्वाद लिया और यात्रा को विधिवत रूप से प्रारंभ किया। इसके पश्चात हजारों श्रद्धालु ‘जय माता दी’ के जयघोष करते हुए पदयात्रा में सम्मिलित हुए। भक्तों की आस्था और उत्साह ने पूरे मार्ग को भक्ति के रंग में रंग दिया।करीब 40 किलोमीटर की इस पदयात्रा के दौरान मार्ग में जगह-जगह स्थानीय श्रद्धालुओं और समाजसेवियों द्वारा महाराज श्री का भव्य स्वागत किया गया। कहीं पुष्पवर्षा, तो कहीं ढोल-नगाड़ों के साथ श्रद्धा अर्पित की गई। यात्रियों की सुविधा हेतु चाय, पानी और शुद्ध भोजन के लंगर लगातार लगाए गए हैं।यात्रा के साथ सैकड़ों वाहनों का काफिला भी चल रहा है, जो श्रद्धालुओं की सेवा, सुरक्षा और व्यवस्थाओं में जुटा हुआ है। यह पदयात्रा न केवल आस्था का प्रतीक है, बल्कि सनातन धर्म की अलख जगाने का एक सशक्त संदेश भी है।
