Nurpur, Sanjeev-:पुलिस जिला नूरपुर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। शून्य सहिष्णुता (Zero Tolerance) की नीति को अपनाते हुए नूरपुर पुलिस की विशेष टीम ने तहसील इंदौरा के अंतर्गत गांव छन्नी में दबिश देकर भारी मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद किया है।
इस मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक कुलभूषण वर्मा ने बताया कि पुलिस टीम को गश्त के दौरान विश्वसनीय गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि एक व्यक्ति अपने घर से अवैध रूप से हेरोइन (चिट्टा) की तस्करी कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कानूनी औपचारिकताओं को पूरा किया।पुलिस टीम स्वतंत्र गवाहों को साथ लेकर गांव छन्नी स्थित आरोपी अजय कुमार उर्फ बन्टी (पुत्र स्व. श्री राजिन्द्र पाल) के घर पहुंची। तलाशी के दौरान घर के कमरे में रखी ड्रेसिंग टेबल के पीछे छिपाकर रखी गई एक सफेद प्लास्टिक की डिब्बी बरामद की गई, जिसमें 23.08 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) पाई गई।मौके पर ही पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर नशीले पदार्थ को कब्जे में ले लिया। आरोपी की उम्र करीब 40 वर्ष बताई जा रही है। उसके खिलाफ थाना डमटाल में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21, 61 व 85 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।नूरपुर पुलिस ने दोहराया है कि नशे के खिलाफ यह मुहिम लगातार जारी रहेगी और नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाती रहेगी, ताकि क्षेत्र को नशामुक्त बनाया जा सके।
