राहुल चावला, धर्मशाला(TSN): पहाड़ों में घूमने के शौकीन पर्यटकों के लिए पर्यटन नगरी मैक्लोडगंज का प्रसिद्ध त्रियुंड ट्रैक शनिवार से पर्यटकों को ट्रैकिंग के लिए खोल दिया गया हैं। वहीं जिला की पैराग्लाइडिंग साईटों पर पैराग्लाइडिंग गतिविधियों पर लगी रोक खत्म होने के बाद पैराग्लाइडिंग भी शनिवार से शुरू हो गई हैं। अब जिला में आने वाले पर्यटक ट्रैकिंग के साथ-साथ पैराग्लाइडिंग का लुप्त भी उठा सकेंगे। मैक्लोडगंज के त्रियुंड में गर्मियों के मौसम में हजारों की संख्या में देश और विदेश से पर्यटक आते हैं। बारिशों और भारी हिमपात होने के कारण दिसंबर से गर्मियों व बरसात के मौसम तक इस ट्रैक को बंद कर दिया जाता हैं ।
बरसात के चलते पैराग्लाइडिंग पर भी पर्यटन विभाग की ओर से 15 जुलाई तक रोक लगाई गई थी जो 15 सितंबर के बाद जिला भर में पैराग्लाइडिंग गतिविधियां दोबारा से पर्यटकों के लिए खोल दी गई हैं। पैराग्लाइडिंग को लेकर वर्तमान में जिला कांगड़ा में तीन साइट है जहां पर पैराग्लाइडिंग जिला में करवाई जाती हैं। इसमें बीड़ बिलिंग, इंद्रुनाग व नरवाना साइट हैं। जिला के ट्रैकिंग मार्ग व पैराग्लाइडिंग गतिविधियों के शुरू होने के बाद पर्यटकों की संख्या में इजाफा जिला कांगड़ा में देखने को मिल सकता हैं ।
पर्यटन विभाग जिला कांगड़ा के उपनिदेशक विनय धीमान ने कहा कि एरो स्पोर्ट्स रूल्स 2022 के नियमों के अनुसार 15 जुलाई से 15 सितंबर तक पैराग्लाइडिंग और ट्रैकिंग पर प्रतिबंध लगाया गया था, जिसे अब हटा लिया गया हैं। उन्होंने कहा कि 16 सितंबर से जिला के ट्रैकिंग व पैराग्लाइडिंग साइट्स पर्यटकों के लिए खोल दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि बरसात के चलते इन गतिविधियों पर रोक लगाई गई थी।
उन्होंने कहा कि मैक्लोडगंज के त्रियुंड ट्रैक पर ट्रैकिंग का आनंद लेने आने वाले ट्रेकर्स को गलू स्थित फॉरेस्ट पोस्ट पर पहले अपना पंजीकरण करवाना अनिवार्य होगा। उन्होंने कहा कि पंजीकरण के बाद ही ट्रेकर्स1 त्रियुंड की ओर ट्रैकिंग के लिए जा सकेंगे।
