पांवटा साहिब/देवेन्द्र कुमार – बहुउद्देशीय परियोजनाएं एवं ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी ने नगर परिषद पांवटा साहिब के वार्ड संख्या 1 से 6 में पार्क का शिलन्यास किया। इस दौरान ऊर्जा मंत्री ने कहा कि नगर परिषद पांवटा के समस्त 13 वार्ड के पार्कों के सौंदर्यकरण और सुधारीकरण कार्यों पर लगभग 1.20 करोड़ रुपये की धनराशि व्यय की जाएगी। जिसके पहले चरण में आज वार्ड संख्या 1 से 6 में पार्कों का शिलान्यास किया गया है और जल्द ही अन्य वार्ड के पार्कों का शिलान्यास भी किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र को स्वच्छ और सुंदर बनाने के उद्देश्य से शहर के पार्कों का सौंदर्यकरण किया जा रहा है, ताकि शहर में रहने वाले बच्चे, बूढ़े, नौजवान और हर वर्ग के लोग इन पार्कों का लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि आगे भी इस प्रक्रिया निरंतर जारी रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर परिषद के अधीन जब भी किसी नई कॉलोनी का निर्माण होता है तो नियम के अनुसार पार्क के लिए स्थान छोड़ना अनिवार्य होता है। उन्होंने नगर परिषद को आदेश दिए कि नियम के तहत पार्क के लिए छोड़े गए स्थान को अपने अधीन लेकर सुंदर पार्कों का निर्माण करें ताकि हर वार्ड में लोगों की सुविधा के लिए कम से कम 2-3 पार्क उपलब्ध हो सकें।ऊर्जा मंत्री ने कहा कि वर्तमान दिनचर्या में सेहतमंद रहने के लिए पार्क और सैरगाह बेहद आवश्यक हैं। इसलिए सरकार अधिक से अधिक पार्कों का निर्माणा करवाने का निरंतर प्रयास कर रही है ताकि सभी को सुविधा मिल सके।
गंदे नाले के लिए भूमि अधिग्रहण व नाले को ढकने का कार्य किया जाएगा
सुखराम चौधरी ने कहा कि पांवटा साहिब शहर के वार्ड संख्या 5 व 7 से गुजर रहे गन्दे नाले की समस्या का समाधान किया जा रहा है,। जिसके लिए सरकार से 4 करोड़ रूपए से अधिक की राशि स्वीकृति करवाई गई है। इस राशि से गंदे नाले के लिए भूमि अधिग्रहण व नाले को ढकने का कार्य किया जाएगा और इसके ऊपर से सड़क का निर्माण भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहर के लोगों के लिए यह बड़ी सौगात है, इससे क्षेत्र के लोगों को गंदगी से निजात मिलेगी।
