Shimla, 27 August-हिमाचल प्रदेश में लगातार तीन दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने चंबा जिले में भारी तबाही मचाई है। सड़क संपर्क और दूरसंचार सेवाएं पूरी तरह ठप हो चुकी हैं। खासकर मणिमहेश यात्रा पर आए हजारों यात्री फंसे हुए हैं।
भरमौर के विधायक डॉ. जनक राज ने इस गंभीर स्थिति को विधानसभा में उठाते हुए प्रदेश सरकार से तत्काल सुरक्षा बल और हेलीकॉप्टर भेजने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पिछले चार दिनों से लगातार बारिश के चलते भरमौर और चंबा क्षेत्र में भारी नुकसान हुआ है। सड़क संपर्क बाधित होने और मोबाइल नेटवर्क बंद होने से प्रशासन तक सही जानकारी नहीं पहुंच पा रही है।डॉ. जनक राज ने बताया कि मणिमहेश यात्रा पर हजारों यात्री फंसे हैं और अभी तक उनके खाने-पीने व ठहरने की कोई जानकारी उपलब्ध नहीं है। उन्होंने सरकार से अपील की कि हेलीकॉप्टर भेजकर नुकसान का आकलन किया जाए और फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जाए।उन्होंने इस संबंध में प्रधान सचिव को पत्र भी लिखा है और विधानसभा के भीतर भी मामला उठाया, ताकि स्थानीय लोगों और यात्रियों तक जल्द से जल्द सहायता राशि और राहत सामग्री पहुंचाई जा सके।
