सोलन :योगेश शर्मा- चंडीगढ़ शिमला नेशनल हाईवे पांच बुधवार शाम 04:00 बजे से बंद है। यहां पर पैदल चलने तक का रास्ता नहीं बचा है। हाईवे कब तक सुचारू होगा इस बारे प्रशासन भी कुछ कहने को तैयार नही है। लेकिन अब राहगीरों के पैदल चलने का सब्र का बांध टूट गया है। लोग जान जोखिम में डालकर चक्कीमोड के ढहे हिस्से को पार कर रहे है। इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हुआ है।
वायरल वीडियो में लोग ढहे हिस्से से पहाड़ी पर चढ़कर दूसरी ओर आ रहे है। मंजर इतना खतरनाक था कि यदि पहाड़ी से भूस्खलन हो जाता तो इन लोगों की जान भी जा सकती थी। क्योंकि यहां पर पहाड़ी से लगातार भूस्खलन हो रहा है। वहीं प्रशासन की ओर से भी इस रास्ते को बंद किया है पर स्थानीय लोग जान जोखिम में डालकर निकल रहे हैं।
वही जब इस बारे में एसपी सोलन गौरव सिंह से बात की गई तो उन्होंने कहा कि कुछ देर के लिए पुलिस कर्मचारी परवाणु की तरफ़ ड्यूटी पर गए थे । ऐसे में एक बस चक्की मोड़ के पास पहुंच गई थी और इसमें कुछ मजदूर लोग थे, जिन्होंने पैदल ही पहाड़ी पर रास्ता बना कर इसे क्रॉस किया, लेकिन यह जान जोखिम में डालने वाली बात थी और इस को लेकर पुलिस बल वहां पर तैनात किया गया है । उन्होंने लोगों से अपील की है कि ऐसी हरकत ना करें क्योंकि इससे जान भी जा सकती है।
गौर रहे कि कालका-शिमला नेशनल हाईवे-5 का चक्कीमोड़ के पास 50 मीटर हिस्सा ढह गया है, जिससे इस हाईवे पर वाहन आवाजाही ठप हो गई। एनएच के पर्सनल विभाग के अनुसार अभी दो दिन वीरवार और शुक्रवार को एनएच बंद रहने की बात कहीं थी लेकिन अभी तक खुलने के कोई आसार नहीं लग रहे है।
