अरविंदर सिंह,हमीरपुर: प्रदेश में विधानसभा चुनावों के लिए मात्र कुछ दिन ही शेष रह गए हैं, ऐसे में प्रत्याशी जोरों शोरों से चुनावी मैदान में अपना प्रचार प्रसार कर रहे हैं। हर एक प्रत्याशी अपने विधानसभा क्षेत्र में गली-गली और गांव-गांव जाकर मतदाताओं से मिल रहा है और अपने लिए समर्थन मांग रहा है। वहीं सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के प्रत्याशी कैप्टन रंजीत सिंह भी अपने लिए समर्थन जुटाने का कार्य जोरों शोरों से कर रहे हैं। उन्होंने सुजानपुर की जनता से कहा है कि यह सुजानपुर की जनता तय करें कि उन्हें एक फौजी को जिताना है या फिर एक मौजी को।
उन्होंने कहा है कि एक तरफ फौजी है और एक तरफ मौजी है फैसला आपको करना है आपको एक ऐसा उम्मीदवार चाहिए जो आपके सुख दुख में काम आ सके, इलाके का विकास करवा सके या फिर वह व्यक्ति चाहिए जो महामारी विपदा के समय अपने क्षेत्र को छोड़कर चंडीगढ़ में दुबक कर बैठ जाए।
भाजपा प्रत्याशी कैप्टन रंजीत सिंह राणा ने शनिवार को विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी के लिए वोट सपोर्ट की अपील की। उन्होंने लोगों से कहा कि एक तरफ भारतीय जनता पार्टी है जो महामारी के समय से लेकर अब तक निशुल्क लोगों को राशन उपलब्ध करवा रही है। वहीं दूसरी तरफ ऐसी पार्टी है जो गारंटियों के सिवा कुछ नहीं देती ,इसलिए 12 नवंबर को कमल वाले बटन को दबाकर ऐसी सरकार बनानी है जो आपके सुख -दुख में काम आ सके। समाज के प्रत्येक वर्ग को जनहित योजनाओं का लाभ दे सके।
भाजपा प्रत्याशी ने ऐलान करते हुए कहा कि वेतन और पेंशन वह नहीं लेंगे इस बात की घोषणा वे पहले ही कर चुके हैं लेकिन विधायक बनने के बाद वे इलाके के लोगों को स्वास्थ्य क्षेत्र में निशुल्क परिवहन की सुविधा उपलब्ध करवाएंगे। इसके लिए सुजानपुर और टोनी देवी क्षेत्र के लिए 2 रोगी वाहन लोगों की सेवा के लिए उपलब्ध रहेंगे जो उन्हें इस मुश्किल घड़ी में स्वास्थ्य केंद्र तक उन्हें पहुंचाएंगे। उन्होंने इलाके के युवा वर्ग फौज में भर्ती होने वाले युवाओं युवतियों के लिए घोषणा करते हुए कहा कि विधायक बनने के बाद उन्हें हर ट्रेनिंग निशुल्क उपलब्ध होगी। विशेष प्रशिक्षण संस्थान इसके लिए उपलब्ध करवाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि एक पूर्व सैनिक को भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव मैदान में उतारा है एक पूर्व सैनिक होने के नाते वह जो भी बात बोल रहे हैं उस पर अटल है। एक एक बात को धरातल पर उतारा जाएगा और विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाली प्रत्येक पंचायत में प्रत्येक माह क्रमानुसार उनका कार्यक्रम निर्धारित रहेगा। उन्होंने कहा कि वह यहां पहुंचकर एक विधायक की तरह नहीं एक प्रधान सेवक बनकर लोगों की समस्याओं का हल करेंगे उनका निदान करेंगे।
