Chamba, Manjur-:चंबा जिला के चुराह विधानसभा क्षेत्र के ऊंचाई वाले इलाकों में हुई भारी बर्फबारी के बाद प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। बर्फबारी के चलते पहाड़ी रास्तों पर फिसलन, भूस्खलन और मौसम के अचानक बिगड़ने का खतरा लगातार बना हुआ है। ऐसे में चुराह प्रशासन ने आम लोगों से साफ तौर पर अपील की है कि वे बिना जरूरी कारण पहाड़ों की ओर रुख न करें।
प्रशासन का कहना है कि अक्सर बर्फबारी के बाद लोग घूमने और सोशल मीडिया के लिए रील बनाने के उद्देश्य से ऊंचाई वाले इलाकों में निकल जाते हैं, जिससे उनकी जान को गंभीर खतरा पैदा हो जाता है। हाल ही में भरमौर क्षेत्र में भी इसी तरह की लापरवाही का मामला सामने आ चुका है, जिसे देखते हुए चुराह प्रशासन ने एहतियातन यह चेतावनी जारी की है।
एसडीएम चुराह राजेश कुमार जरियाल ने कहा कि अधिक बर्फबारी के कारण सड़कों के बंद होने, वाहनों के फिसलने और आपात स्थिति में राहत कार्यों में दिक्कतें आती हैं। उन्होंने बताया कि मौसम खराब होने पर हालात पल भर में बिगड़ सकते हैं, जिससे जान-माल का नुकसान हो सकता है।
एसडीएम ने विशेष तौर पर युवाओं से अपील की कि वे रील या वीडियो बनाने के चक्कर में जोखिम न उठाएं। उन्होंने कहा कि प्रशासन की सलाह का पालन करना सभी की सुरक्षा के लिए जरूरी है। चुराह प्रशासन ने लोगों से मौसम सामान्य होने तक सुरक्षित स्थानों पर रहने और किसी भी तरह की अफवाहों से बचने की अपील की है।
