अनिल कुमार,किन्नौर: बौद्ध धर्म गुरु दलाई लामा के समर्थन में लगातार बौद्ध धर्म के लोग सड़कों पर उतर कर प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी कड़ी में बुधवार को एक बार फिर से किन्नौर ज़िला के मुख्यालय रिकांगपिओ में ज़िला के सभी ग्रामीण इलाकों के लोगों ने दलाई लामा के समर्थन मे रैली निकाली। इस रैली में तकरीबन 3 हज़ार के आसपास लोग आए व खास तौर से ज़िला के बौद्ध धर्म के सभी बड़े गुरुओं समेत बौद्ध अनुयायीयों ने भी इस रैली में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की।
रिकोंगपिओ में निकाली गई इस रैली में लोगों ने दलाई लामा के हालही में एक बच्चे के साथ चुम्बन वाले वीडियो को सोशल मीडिया व कुछ मीडिया संस्थानों की ओर से ट्रोल किए जाने का विरोध जताया। इस प्रदर्शन में लोगों ने जमकर नारे बाज़ी कर उन मीडिया संस्थानों व सोशल प्लेटफार्म के लोगों को दलाई लामा से माफ़ी मांगने की मांग की। बौद्ध अनुयायी व लेखक भगत सिंह किन्नर ने कहा कि दलाई लामा के वीडियों को जिस प्रकार कुछ मीडिया संस्थानों व सोशल मीडिया प्लेटफार्म की ओर से साजिश के तहत बदनाम करने की कोशिश की गई वह सरासर गलत व तर्कसंगत नहीं हैं।
ज़िला के पूह ग्राम पंचायत के पूर्व प्रधान सुशील साना ने कहा कि दलाई लामा को बदनाम करने की इस साजिश मे सोशल मीडिया के कुछ न्यूज़ चैनल भी शामिल हैं, जिन्होंने दलाई लामा के वीडियो को छेड़छाड़ कर वायरल किया, जिसके चलते बौद्ध धर्म के अनुयायियों के मन को ठेस पहुंची हैं। इसी के विरोध मे यह रैली रिकोंगपिओ मे निकाली गई हैं।
