मंडी : धर्मवीर – मंडी जिला में बारिश से हालात बिल्कुल बद से बदतर होते जा रहे हैं। पिछले 3 दिनों से जारी बारिश रुकने का नाम नहीं ले रही है। बीती रात जिला के नगवाईं में फंसे 6 लोगों का रेस्क्यू किया गया। ब्यास नदी में आए महा जल प्रलय के कारण जिला में 5 पुल बह गए हैं।
चंडीगढ़ मनाली नेशनल हाईवे जगह-जगह लैंडस्लाइड के कारण बंद बीते रोज से बंद पड़ा है। किरतपुर मनाली फोरलेन पर थलौट सुरंग के पास दवाड़ा ब्यास नदी का पानी फोरलेन पर पहुंच गया है।लगातार हो रही बारिश के चलते फोरलेन व नेशनल हाईवे पर लैंडस्लाइड हो रहा है, जिस कारण इन मार्गों की बहाली कार्य नहीं हो पा रहा है। मंडी कुल्लू रोड बाया कटौला कमांद के घोड़ाफॉर्म के पास तीन स्थानों पर भूस्खलन के बाद बंद है। मंडी पठानकोट नेशनल हाईवे व मंडी बिलासपुर नेशनल हाईवे पर वाहनों की आवाजाही सुचारू रूप से जारी है। फिलहाल अभी भी पिछले डेढ़ घंटे से मंडी जिला में लगातार बारिश का क्रम जारी है।
173 सड़कें अवरूद्ध, 311 ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्तः
एडीएम अश्विनी कुमार ने बताया कि रविवार शाम अब तक प्राप्त सूचना के मुताबिक मंडी जिले में नेशनल हाईवे 21 मंडी-कुल्लू समेत 203 सड़कें अवरूद्ध हैं। वहीं बिजली के 312 ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हुए हैं। जिले के 3 मेजर डिस्ट्रिक्ट रोड़ बंद हैं। वहीं एएसपी मंडी सागर चंद्र के मुताबिक अब तक पद्धर उपमंडल के गड़ गांव के 70 वर्षीय साजू राम के लोकल खड्ड में बहने की सूचना मिली है और मंडी के सात मील में एक अज्ञात शव मिला है। पुलिस द्वारा बॉडी को रिकवर कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और जल्द पहचान कर शव परिवार जनों को सौंप दिया जाएगा।
