अरविंदर सिंह,हमीरपुर: हमीरपुर में नए कर्मचारी चयन आयोग का गठन जल्द किया जाएगा और इसका कार्यालय हमीरपुर में ही होगा,ऐसे दूसरी जगह नहीं खोला जाएगा। पूर्व भाजपा सरकार के समय में परीक्षाओं के पेपर बेचे जाते थे जिसका सबसे बड़ा उदाहरण पुलिस भर्ती का पेपर खुलेआम बेचा गया। हजारों पात्र युवाओं के साथ धोखा किया गया। इस पर कोई भी बड़ी कार्रवाई नहीं की गई। यह बात मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपने हमीरपुर के पांच दिवसीय दौरे के दौरान रविवार को हमीरपुर में मुख्यमंत्री राजकीय डिग्री महाविद्यालय हमीरपुर में 93 लाख रुपये से निर्मित कैंटीन खंड, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (कन्या) हमीरपुर में 2.31 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित विज्ञान प्रयोगशाला ओर 48 लाख रुपये की लागत से निर्मित वन स्टॉप सेंटर का उद्घाटन करने के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान कही।
मुख्यमंत्री ने यहां 2.01 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित होने वाली राजस्व विभाग की स्टॉफ आवासीय कॉलोनी हमीरपुर ओर भगोट से फाफन ग्राम पंचायत ऊखली तक 5.27 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले संपर्क मार्ग का शिलान्यास भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमीरपुर के कर्मचारी चयन आयोग में जो पेपर सही ढंग से हुए हैं उन सभी के परीक्षा परिणाम जल्द निकाले जाएंगे। अब तक सरकार 4 परीक्षा परिणाम निकाल चुकी हैं। पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में कोई भी बड़ी ज्यादा नियुक्तियां इस आयोग के माध्यम से नहीं हुई जो हुई थी उनके भी मामले सुप्रीम कोर्ट में चल रहे हैं। वर्तमान कांग्रेस सरकार ने 300 प्रोफेसर की नियुक्तियां की हैं, जबकि 6500 नियुक्तियां टीजीटी साइंस टीजीटी आर्ट्स और दूसरे पदों को लेकर सरकार करने जा रही हैं।
औद्योगिक घरानों के पलायन के मामले पर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक कोई भी बड़ा औद्योगिक घराना हिमाचल से पलायन करके नहीं गया हैं। ना ही इसकी कोई जानकारी सरकार के पास हैं। यहां सभी उद्योगों को पूरी सुरक्षा और सुविधाएं देने का काम सरकार कर रही हैं। इस मामले को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री जो बयान दे रहे हैं वह खुद को सुर्खियों में रखने के लिए दे रहे हैं। उन्हें जितना ज्ञान होता है उतना वह आए दिन आकर दे देते हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले 48 घंटों पर है हिमाचल में भारी बारिश हो रही है और इससे जान+माल दोनों का नुकसान हुआ हैं। उन्होंने कहा कि सभी जिलों के उपायुक्त को अलर्ट रहने के निर्देश सरकार की ओर से दे दिए गए हैं। सभी जगह प्रशासन नजर रखे हुए हैं। उन्होंने लोगों को खासकर के पर्यटकों से भी अपील की है कि वह इन दिनों नदी नालों के पास ना जाएं। जो कुछ दिनों में स्कूल खुले हैं उन्हें भी अगले 2 दिनों के लिए बंद कर दिया गया हैं। प्रदेश में कई जगहों पर लैंडस्लाइड की घटनाएं हो रही हैं। लोग भी इसे लेकर पूरी एहतियात बरतें ।
