मंडी :चन्द्रिका (TSN)- पिछले लंबे समय से सिविल अस्पताल सरकाघाट में विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति न होने से स्थानीय लोग सरकार के खिलाफ लामबंध हो गए हैं। मंगलवार को स्थानीय लोगों सहित ज्येष्ठ एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद सरकाघाट इकाई द्वारा सेंट्रल पार्क में डॉक्टरों की नियुक्ति को लेकर सांकेतिक प्रदर्शन किया। जिसकी अध्यक्षता परिषद अध्यक्ष प्रकाश चंद चौहान ने की। इस अवसर प्रदेश सरकार को सदबुद्धि प्रदान करने के लिए हवन भी किया।
परिषद अध्यक्ष प्रकाश चंद ने बताया कि सरकाघाट अस्पताल में कई वर्षो से विशेषज्ञ चिकित्सक की कमी चल रही है। प्रदेश की कोई भी सरकारें अस्पताल में विशेषज्ञों की तैनात नहीं कर पाई है। हालांकि सामाजिक संगठनों व स्थानीय लोगों ने कई बार इस समस्याओं को लेकर सरकार व विभाग से मांग उठाई गई है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि किसी समय सरकाघाट अस्पताल में ओपीडी में आठ- दस डाॅक्टर बैठते थे। अब वहां दो या तीन ही डॉक्टर ही बैठ रहे हैं। लोगों को बेहतर उपचार लेने के लिए मजबूरी में निजी अस्पतालों का रूख करना पड़ रहा है। सिविल अस्पताल सरकाघाट में चिकित्सकों के 17 पद स्वीकृत है। वर्तमान में यहां 10 ही चिकित्सक सेवारत है। जिनमें से एक- दो अवकाश पर रहते हैं। इसके अलावा एक- दो प्रतिनियुक्ति पर इधर उधर भेजे जाते हैं। ओपीडी में मुश्किल से दो- तीन डॉक्टर ही सेवाएं दे रहे हैं।जबकि प्रतिदिन यहां तीन से चार सौ मरीजों की ओपीडी रहती है।सरकाघाट, धर्मपुर,रिवालसर, बलद्वाड़ा, हमीरपुर जिला की करीब डेढ लाख आबादी इस अस्पताल पर निर्भर है। स्थानीय जनता व विभिन्न संगठनों ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह से मांग उठाई है कि एक माह के अंदर विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनात करवाई जाए। यदि ऐसा नहीं हुआ तो स्थानीय जनता अनिश्चितकालीन आंदोलन छेड़ेगी।
