विकास शर्मा, चिंतपूर्णी: देश व प्रदेश के स्कूलों में छात्रों की बोर्ड की परीक्षाओं का समय नजदीक आ रहा हैं। ऐसे में छात्र अपने परीक्षाओं को लेकर चिंतित हैं तो वहीं कहीं ना कहीं बेहतर अंक लाने का दबाव छात्रों पर इन दिनों बना हुआ हैं। ऐसे में अभिभावक भी परीक्षाओं के समय अपने बच्चों की पढ़ाई को लेकर बेहद चिंतित रहते हैं और छात्रों पर भी बेहतर अंक लाने का दबाव बनाते हैं। परीक्षाओं के इन दिनों में छात्रों पर किसी तरह का कोई तनाव ना रहे इसे लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से छात्रों के साथ शुक्रवार को परीक्षा पे चर्चा की गई।
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला में स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के छात्रों ने भी प्रोजेक्टर के माध्यम से पीएम नरेंद्र मोदी को सुना और देखा। परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम देखने के लिए छात्रों में काफी उत्साह था। इस मौके पर 150 के करीब स्कूल के छात्र-छात्राओं ने इस लाइव प्रोग्राम को देखा और परीक्षा में तनाव को कैसे दूर रखना है यह जाना।
परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम भारत सरकार की ओर से आयोजित किया गया जिसमें पीएम नरेंद्र मोदी की ओर से ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम के जरिए लाखों छात्रों, उनके अभिभावकों और शिक्षकों से संवाद किया गया। पीएम के इस कार्यक्रम के माध्यम से छात्रों के कॉन्फिडेंस को बढ़ाया, उनके स्ट्रेस के लेवल को कम करने का प्रयास किया और उन्हें स्वस्थ रहने के लिए प्रेरित किया।
स्कूल की जमा दो की छात्रा तनवी शर्मा ने बताया कि लाइव इस प्रोग्राम को देखा और इस प्रोग्राम में प्रधानमंत्री मोदी ने परीक्षा के समय आने वाली कठिनाइयों के बारे में विस्तार से चर्चा की और हमारा मार्गदर्शन किया। प्रधानमंत्री मोदी की ओर से दिया गया मार्गदर्शन अगले महीने होने वाली बोर्ड की परीक्षाओं में काफी काम आएगा।
