बिलासपुर : सुभाष ठाकुर (TSN)-बिलासपुर पुलिस वेलफेयर एसोसिएशन की मीटिंग पुलिस लाइन्स बिलासपुर में एसोसिएशन के प्रधान डॉ. रवीन्द्र कुमार ठाकुर की अध्यक्षता में संपन्न हुई । बैठक में पेंशनर की समस्याओं से सबंधित मुद्दों पर चर्चा की गई ।
चर्चित मुद्दों के बाद सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया कि पुलिस मुख्यालय शिमला से, सेवानिवृत पुलिस कर्मचारियों एवं अधिकारियों के प्रति जारी आदेशों की स्थानीय पुलिस द्वारा सख़्ती से पालना की जाए , जैसे किसी भी सेवानिवृत कर्मचारी या अधिकारी के स्वर्गवास होने पर उसके सम्मान अंतिम संस्कार के लिए शोक सम्मान गार्द सबंधित थाना से तुरन्त उपलब्ध करवाना। 1 जनवरी 2016 के बाद सेवानिवृत कर्मचारियों व अधिकारियों की पे फिक्ससेशन के मामलों का तुरन्त निपटारा करना। 75 वर्ष पूरे कर चुके सेवानिवृत कर्मचारियों व अधिकारियों को संघ द्वारा स्थापना दिवस पर सम्मानित करना। संगठन के किसी भी सदस्य के सुखदुख में संगठन द्वारा पूर्ण सहभागिता निभाना। वर्ष में जो चार त्रेमासिक बैठकें होंगी, प्रत्येक उपमंडल में एक बैठक आयोजित की जायेगी।
इसी कड़ी में अगली मीटिंग श्री नैना देवी में आठ दिसंबर को आयोजित की जाएगी। अपने सम्बोधन में संघ के प्रधान डॉ. रवीन्द्र कुमार ठाकुर ने सभी सेवानिवृत कर्मचारियों और अधिकारियों से आग्रह किया कि उनका प्राथमिक कर्तव्य अपने को स्वस्थ व निरोग रखना है। उसके लिए नियमित रुप से योगा और प्राणायाम जरूर करें। स्वस्थ व निरोग रहने पर ही वे क्रियाशील रहकर समाजसेवा कर सकते हैं और परिवार व समाज पर बोझ बनने से बच पाएंगे। उन्होंने सभी सदस्यों से कहा कि पूरी पुलिस सेवा के दौरान उन्होंने जिस कर्तव्य परायणता से समाज और देश की सेवा की, उसी तरह अब भी वे समाज सेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं और निभानी भी चाहिए।
