राकेश,ऊना: जाको राखे साइयां मार सके ना कोय ” यह कहावत हिमाचल प्रदेश के ऊना में पुलिस के जवानों ने चरितार्थ कर दिखाई । पुलिस जवानों ने ऊना की उफनती सोमभद्रा नदी के पानी से एक 18 वर्ष के नौजवान को सुरक्षित बाहर निकाला । पूरे हिमाचल में भारी बरसात अपना कहर बरसा रही है , जिसके कारण सोमभद्रा में भी पानी उफान पर हैं। नदी के पानी की इन्हीं उफनती हुई लहरों के बीच एक नौजवान फंस गया। लगभग 18 बरस का यह लड़का नदी में फंसा हुआ था, जिसे सूचना मिलने के बाद ऊना पुलिस ने सुरक्षित बाहर निकाला।
पुलिस के दो जवान योजनाबद्ध रूप से पानी की धारा के तिरछे तिरछे होते हुए तैर कर फंसे हुए नौजवान के पास पहुंचे और बाद में पुलिस के अन्य जवानों की सहायता से रस्सी के सहारे उसे सुरक्षित बाहर निकाला। पीड़ित नौजवान मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बदायूं का रहने वाला है जो कि पंजाब के गढ़शंकर में किसी डेयरी पर काम करता हैं। गनीमत यह रही कि पानी में फंसे होने के बावजूद पीड़ित नौजवान का बाल भी बांका नहीं हुआ।
