Mandi,Dharamveer(TSN)-हिमाचल प्रदेश भाजपा के मीडिया प्रभारी कर्ण नंदा ने प्रदेश सरकार पर आरोप लगाया है कि वह पंचायत चुनावों से पहले केंद्र सरकार के खिलाफ गलत धारणाएं बना रही है। मंडी में एक पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार लगातार यह दावा कर रही है कि केंद्र से मनरेगा के तहत धनराशि नहीं मिल रही, जबकि सच्चाई यह है कि केंद्र सरकार समय पर फंड भेज रही है।
प्रदेश सरकार ने अब तक 123 करोड़ नहीं दिए – कर्ण नंदा
कर्ण नंदा ने बताया कि वर्ष 2024-25 के लिए केंद्र ने मनरेगा के तहत प्रदेश को 414 करोड़ रुपये जारी कर दिए हैं।हालांकि,प्रदेश सरकार द्वारा अपनी हिस्सेदारी के 123 करोड़ रुपये जमा नहीं किए जाने के चलते आगे की राशि रोकी गई है। इसमें मजदूरी के 95.41 करोड़, सामग्री खर्च के 25.22 करोड़ और प्रशासनिक व्यय के 2.60 करोड़ रुपये शामिल हैं।उन्होंने कहा कि प्रदेश को हर वर्ष केंद्र से 11 हजार करोड़ रुपये से अधिक की सहायता मिलती है, फिर भी प्रदेश सरकार विभिन्न मंचों पर केंद्र पर धन न देने के आरोप लगा रही है। कर्ण नंदा ने स्पष्ट किया कि यदि प्रदेश सरकार अपनी हिस्सेदारी की राशि समय पर जमा कर दे तो मनरेगा के शेष फंड भी तुरंत जारी कर दिए जाएंगे।
