राकेश,ऊना: ऊना जिला में नशे से निपटने के लिए ओर इसके खात्मे के लिए प्रहार अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के माध्यम से नशे की रोकथाम के लिए शिक्षा, पुलिस स्वास्थ्य, राज्य कर एवं आबकारी ओर महिला एवं बाल विकास विभाग सहित विभिन्न विभागों की ओर से आगामी एक वर्ष के लिए कार्य योजना तैयार की जाएगी ओर इस दिशा में जमीनी स्तर पर कार्य किया जाएगा।
इस अभियान के बारे में जानकारी उपायुक्त राघव शर्मा ने इस संबंध में आयोजित बैठक के दौरान दी। उन्होंने बताया कि अभियान में सरकारी विभागों के अलावा जनप्रतिनिधियों स्वयंसेवी संस्थाओं युवक मंडलों तथा महिलाओं का भी सहयोग लिया जाएगा। अभियान के तहत ऊना जिला के सभी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों, उच्च विद्यालयों, माध्यमिक विद्यालय ओर औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में योजनाबद्ध तरीके से युवा पीढ़ी को नशे से बचने ओर इससे होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया जाएगा।
इसके अलावा नशे से पीड़ित व्यक्तियों को विशेषज्ञों की ओर से परामर्श प्रदान कर उन्हें उचित परामर्श व उपचार प्रदान करना भी सुनिश्चित किया जाएगा। उपायुक्त ने शिक्षा, पुलिस स्वास्थ्य, राज्य कर एवं आबकारी तथा महिला एवं बाल विकास विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह एक सप्ताह के भीतर इस संबंध में अपनी विस्तृत कार्य योजना प्रस्तुत करें।
