संजीव महाजन, नूरपुर: 8 दिसंबर को प्रदेश में विधानसभा चुनावों में मतों की गिनती की प्रक्रिया पूरी करने के साथ ही चुनावी परिणाम घोषित किया जाएगा। ऐसे में मतगणना को लेकर निर्वाचन अधिकारियों की ओर से सभी तैयारियां पूरी की जा रही हैं। अगर नूरपुर विधानसभा क्षेत्र की बात की जाए तो यहां 8 दिसंबर को 9 राउंड में मतों की गिनती की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
मतगणना से जुड़ी सारी तैयारी लगभग पूरी कर ली गई हैं। 12 नवंबर को हुए मतदान में ईवीएम में दर्ज 69628 मतों की प्रत्येक राउंड की गणना के लिए 14 टेबल लगाए गए हैं। इसके साथ ही डाक मत पत्रों (पोस्टल बैलट) की गिनती के लिए पांच अलग टेबल लगाए गए हैं जिनकी गिनती अलग से की जाएगी। इन्हीं सब तैयारियों को लेकर शनिवार को नूरपुर में निर्वाचन अधिकारी ( एसडीएम) अनिल भारद्वाज की अध्यक्षता में स्थानीय मिनी सचिवालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस दौरान निर्वाचन कानूनगो संजय शर्मा सहित अन्य अधिकारी व कर्मी उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि 8 दिसंबर को सम्पन्न होने वाली मतगणना के लिए प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
अनिल भारद्वाज ने बताया कि ईवीएम के लिए स्थापित प्रत्येक टेबल पर एक-एक माईक्रो ऑब्जर्वर, मतगणना पर्यवेक्षक और मतगणना सहायक नियुक्त किए गए हैं। वहीं पोस्टल बैलट की गिनती के लिए स्थापित प्रत्येक टेबल में एक-एक माईक्रो ऑब्जर्वर और मतगणना पर्यवेक्षक ओर दो मतगणना सहायक तैनात रहेंगे। उन्होंने बताया कि प्रत्येक मतगणना टेबल पर चुनाव लड़ रहे उम्मीदवार का एक एजेंट भी मौजूद रहेगा। उन्होंने बताया कि मतगणना केंद्र पर मोबाइल फोन ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
