राकेश, ऊना: प्रदेश में विधानसभा चुनावों के लिए हुए मतदान है को लेकर मतगणना का दिन अब नजदीक आता जा रहा है। 8 दिसंबर को मतगणना सभी मतदान केंद्रों पर होनी है, जिसे लेकर जिला प्रशासन की ओर से तैयारियां भी शुरू कर दी गई है। मतगणना को लेकर प्रशासन अपनी पूरी तैयारी कर रहा है जिससे किसी भी तरह की परेशानी का सामना मतगणना वाले दिन ना करना पड़े। इसी कड़ी में शनिवार को डीसी ऊना राघव शर्मा ने ऊना जिला के सभी ईवीएम मतगणना स्थलों का निरीक्षण किया। यहां पहुंच कर उपायुक्त ने सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया।
डीसी राघव शर्मा ने चिंतपूर्णी के अंब, डिग्री कॉलेज गगरेट, अंबोटा के पॉलिटेक्निक कॉलेज, हरोली कुटलैहड़, ऊना विधानसभा की तीनों सीटों के मतगणना स्थल और ऊना कॉलेज में जाकर स्थिति का जायजा लिया। साथ ही सुरक्षा इंतजामों को जांचा। राघव शर्मा ने बताया कि 8 दिसंबर को सुबह 8 बजे काउंटिंग शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि 8 दिसंबर को निकलने वाले चुनावों के परिणाम की सूचना लाउडस्पीकर के माध्यम से दी जाएगी।
ईवीएम को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। थ्री लेयर की सिक्योरिटी तैनात की गई है और आज सभी मतदान केंद्रों की तैयारियों का जायजा भी लिया गया है। उन्होंने बताया कि मतगणना वाले दिन मतगणना स्थलों पर जाने के लिए कुछ नियम भी तय किए गए हैं, जिसमें काउंटिंग स्थल पर मोबाइल ले जाने पर प्रतिबंध लगाया गया है। बिना आई कार्ड और बिना पास किसी को भी अंदर नहीं जाने दिया जाएगा।
