Kangra, Sanjeev -सवारी ढोने के मुद्दे पर निजी वाहन चालकों और देव भूमि टैक्सी यूनियन के बीच विवाद लगातार गहराता जा रहा है। हालात इतने बिगड़ गए हैं कि अब दोनों पक्ष आमने-सामने आ खड़े हुए हैं। इसी कड़ी में यूनियन ने एक निजी टैक्सी चालक के खिलाफ आपसी झगड़े को लेकर थाना नूरपुर में मामला दर्ज करवाया है।
निजी वाहन चालकों का आरोप
निजी वाहन चालकों ने आरोप लगाया है कि टैक्सी यूनियन के सदस्य सड़कों पर उनकी गाड़ियों को रोककर जांच कर रहे हैं। चालकों का कहना है कि किसी यूनियन को यह अधिकार किसने दिया, यह बड़ा सवाल है।
टैक्सी यूनियन की दलील
दूसरी ओर देव भूमि टैक्सी यूनियन का कहना है कि निजी वाहन चालक नियमों को ताक पर रखकर मनमाने ढंग से सवारियां ढो रहे हैं, जिससे टैक्सी कारोबार पर असर पड़ रहा है। यूनियन के जिला प्रभारी सुरेश कपूर ने कहा कि टैक्सी चालक हर महीने भारी-भरकम टैक्स अदा करते हैं और गाड़ियों की किस्तें भी चुकानी पड़ती हैं, लेकिन निजी वाहन चालक बिना टैक्स दिए यात्रियों को ढो रहे हैं। इससे वैध टैक्सी कारोबार संकट में है।
पुलिस में मामला दर्ज
यूनियन प्रभारी सुरेश कपूर ने बताया कि निजी वाहन चालकों द्वारा धमकाने और दबाव बनाने की शिकायत पर पुलिस थाना नूरपुर में मामला दर्ज करवाया गया है। यूनियन ने जिला प्रशासन से मांग की है कि नियमों का उल्लंघन कर सवारी ढोने वाले निजी वाहन चालकों पर कड़ी कार्रवाई की जाए और उन पर भारी जुर्माना लगाया जाए।
