बिलासपुर : सुभाष ठाकुर – हिमाचल प्रदेश अनुसूचित जाति जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक संयुक्त संघर्ष मोर्चा के बैनर तले रविवार को समरसता के पुरोधा संत शिरोमणी गुरू रविदास जी महाराज का प्रकाश पर्व बैहना जट्टां के गांव डोल में हर्षोल्लास से मनाया गया। इस अवसर पर गांव डोल से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। जो डोल गांव से शुरू होकर,
ऋषिकेश, धराड़सानी, नौणी, रघुनाथपुरा, लखनपुर और बिलासपुर, डियारा सेक्टर, रौड़ा सेेक्टर, निहाल सेक्टर, चांदपुर, कंदरौर और भगेड़ होते हुए वापिस
बैहना जट्टां पहुंची।
विशाल शोभा यात्रा की खास बात यह थी कि पहली बार इतनी संख्या में एससी, एसटी व अल्पसंख्यक समुदाय के लोग इस पर्व पर अपने घरों से बाहर निकले और अपने अराध्य गुरूदेव की जयंती को मनाया। शोभायात्रा में बच्चों से लेकर बजुर्गों ने बड़े उत्साह से भाग लिया। भजन कीर्तन करते श्रद्धालुओं ने इस शोभायात्रा को भक्तिमय बनाया। जगह-जगह संगत के स्वागत के लिए भंडारों का आयोजन किया गया था जिसमें रघुनाथपुरा, श्री गुरू रविदास मंदिर रौड़ा सैक्टर, चांदपुर, कंदरौर आदि स्थानों पर श्रद्धालुओं को खीर, चाय, पकौड़े व फ्रूटस आदि का लंगर वितरित किया गया।
इस अवसर पर संयुक्त संघर्ष मोर्चा के जिला महामंत्री नंद लाल आचार्य ने कहा कि पीड़ित मानवता को उत्थान की राह दिखाने वाले संत शिरोमणी गुरू रविदास जी की प्रेरणा को सदैव स्मरण किया जाएगा।
