अरविंदर सिंह,हमीरपुर: नागरिक अस्पताल टौणीदेवी में अब मरीजों को उनके बेड तक पाइप से ऑक्सीजन पहुंचाई जाएगी। इसके लिए अस्पताल में पीएसए प्लांट स्थापित कर दिया गया हैं। इस प्लांट की शुरुआत सोमवार की गई हैं। जिला मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरके अग्निहोत्री ने बताया कि मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में हमीरपुर जिला स्वास्थ्य विभाग में एक कदम आगे बढ़ाते हुए आज से नागरिक अस्पताल टौणीदेवी में पीएसए प्लांट की शुरुवात कर दी हैं।
उन्होंने बताया कि नागरिक अस्पताल टौणीदेवी जिला का पहला अस्पताल होगा जिसमें सभी 50 बेड़ो तक ऑक्सीजन मुहैया करवाई जाएगी। उन्होंने प्लांट शुरू होने पर ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी डॉ. आशुतोष व उनकी टीम को भी बधाई दी। उन्होंने बताया कि हमीरपुर जिला के नागरिक अस्पताल टौणीदेवी ने पीएसए प्लांट के माध्यम से अब सभी 50 बिस्तरों के अलावा ऑपरेशन थिएटर व डिलीवरी रूम तक निरंतर ऑक्सीजन की व्यवस्था शुरू हो गई हैं।
लगभग दो करोड़ की लागत से शुरू हुए इस पीएसए प्लांट से मरीजों को अब अब बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी तो वहीं छोटे सिलेंडरों के रिफिल की भी व्यवस्था होगी। इस प्लांट से अब अस्पताल के प्रत्येक बेड तक 1 मिनट में 10 लीटर ऑक्सीजन दी जा सकेगी। गौरतलब है कि इससे पूर्व अस्पताल में डी टाइप सिलेंडरों के माध्यम से ऑक्सीजन की व्यवस्था की जाती थी और सिलेंडर के खत्म होने के बाद उन्हें रिफिल करवाने की आवश्यकता पड़ती थी जिसे दूसरे स्थानों पर रिफिल करने भेजा जाता था। अब प्लांट के शुरू होने से रिफिल करने के अलावा ट्रांसपोर्टेशन की भी बचत होगी ।
जिला मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरके अग्निहोत्री ने बताया कि टौणीदेवी अस्पताल जिला का पहला अस्पताल बन गया हैं जहां पर पीएसए के अलावा सिलेंडरों के माध्यम से मरीजों को बेड तक ऑक्सीजन पहुंचाई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि पीएसए प्लांट 500 लीटर ऑक्सीजन 1 मिनट में उपलब्ध करवा रहा हैं। उन्होंने बताया कि प्लांट में एटमॉस्फेयर से ऑक्सीजन प्राप्त कर उसे कंप्रेस करके मशीनों तक पहुंचाया जाता हैं जहां से नाइट्रोजन निकालने के बाद शुद्ध ऑक्सीजन को पाइप के माध्यम से मरीजों के बेड तक पहुंचाया जा रहा हैं। उन्होंने बताया कि इस प्लांट के स्थापित होने से अब मरीजों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होगी ।
