सोलन/योगेश शर्मा – प्रदेश कांग्रेस प्रचार समिति के अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू वीरवार को सोलन पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कल होने वाली कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी की परिवर्तन प्रतिज्ञा रैली के रैली स्थल का जायजा लिया। सुक्खू ने कहा कि वंदे भारत एक्सप्रेस तो पहले से चल रही है,एक ट्रेन की पटरी कांग्रेस पार्टी ने बनाई थी। मोदी जी ने कहा था कि यहां 50 साल पहले ट्रेन की पटरी का शिलान्यास हुआ था जिसको बोलते नंगल, अम्ब, तलवाड़ा आज तक प्रधानमंत्री जी के 8 साल हो गए तलवाड़ा तक रेलवे लाइन नहीं पहुंच पाई है। सुक्खू ने कहा कि ट्रेन का स्वरूप बदला है यह तो विकास है जो निरन्तर चलता रहता है।
मीडिया से बातचीत में सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जितनी भी रैलियां हिमाचल प्रदेश में कर ले उससे हिमाचल में भाजपा का कुछ भी होने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि हिमाचल की जनता को कोई भी फर्क नहीं इनकी रैलियों से नहीं पड़ने वाला है। उन्होंने कहा कि जयराम सरकार का हिमाचल प्रदेश की सत्ता से जाना तय है और इसके लिए कांग्रेस एकजुटता के साथ हिमाचल प्रदेश में चुनाव लड़ने वाली है। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई बेरोजगारी का जवाब कांग्रेस इन चुनावों में आम जनता के माध्यम से भाजपा को देने वाली है।
बता दें कि कल सोलन शहर के ऐतिहासिक ठोडो मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी की परिवर्तन प्रतिज्ञा रैली होने वाली है। ऐसे में सभी प्रदेश के तमाम बड़े नेता सोलन का दौरा कर रहे हैं।
