मंडी : धर्मवीर – पूरे प्रदेश में पिछले 2 दिन से मूसलाधार बारिश का दौर लगातार जारी है। लगातार हो रही बारिश के कारण मंडी जिला में भी सभी नदी नाले उफान पर हैं। लगातार हो रही बारिश के कारण पंडोह डैम पूरी तरह से भर चुका है और आसपास के इलाकों में भी जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है। पंडोह डैम से लगातार पानी छोड़ा जा रहा है जिस कारण मंडी जिला में बहने वाली व्यास नदी में भी रौद्र रूप धारण कर लिया है। मंडी शहर में व्यास नदी के तट पर बना पंचवक्त्र महादेव मंदिर भी जलमग्न हो गया है।
बारिश के कहर के कारण हाईवे और सड़कें बंद
चंडीगढ़ मनाली नेशनल हाईवे 6 मील और अन्य स्थानों पर भारी भूस्खलन के कारण बंद हो गया है। वहीं, वैकल्पिक मार्ग भी पूरी तरह से बंद हैं और लोग फंस कर रह गए हैं। पंडोह का आधा बाजार जलमग्न हो गया है। पानी लोगों के घरों में घुस गया है और भयंकर तबाही मचा रहा है। पंडोह बाजार में 6 लोग बाढ़ आने के कारण अपने घर में ही फंसकर रह गए थे जिन्हें स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू करके सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। पंडोह डैम से डेढ लाख क्यूसिक पानी छोड़ा जा रहा है। ब्यास नदी अपने खतरे के निशान से कहीं उपर जाकर बह रही है। जिला के सभी नदी नाले इस वक्त अपने पूरे उफान पर हैं। अधिकतर सड़कें बंद हैं और प्रशासन ने लोगों से अपने घरों से बाहर न निकलने की अपील की है।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण मंडी के अध्यक्ष एवं जिलाधीश अरिंदम चौधरी ने लगातार जारी बारिश के दृष्टिगत जिला वासियों से सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने बताया कि मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने अगले 24 घन्टों में मंडी जिले के कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। उन्होंने सभी नागरिकों व पर्यटकों से नदी-नालों के किनारे न जाने व भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में जाने से बचने का आग्रह किया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा पर न निकलें, सुरक्षित स्थानों पर रहें और किसी प्रकार का जोखिम न उठाएं । जिलाधीश ने समस्त पंचायत प्रधानों, गैर सरकारी संगठनों, ट्रैकर्स एवं नागरिकों से भी अनुरोध किया है कि वे इस बारे लोगों को जानकारी प्रदान करें ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके ।
चौबीसों घंटे क्रियाशील है आपदा प्रबन्धन केन्द्रः
उपायुक्त ने जिला वासियों से आग्रह किया कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में तत्काल जिला आपदा प्रबंधन केंद्र के टोल फ्री 1077 नम्बर अथवा दूरभाष नम्बर 01905-226201, 202, 203, 204 पर सूचित करें । आपदा प्रबन्धन केन्द्र चौबीसों घंटे क्रियाशील है।
