राकेश,ऊना: प्रदेश में बीते कल से ही हो रही बारिश की वजह से हालात खराब बने हुए हैं। ऊना में शनिवार से हो रही लगातार भारी बारिश के कारण जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया हैं । जिले का हर कोना हर गांव, हर सड़क, हर बाजार जैसे जलमग्न सा हो गया हैं। यहां तक की जिले के कई ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों के घरों में, दुकानों में पानी घुस गया हैं। कई सड़कें जलभराव के कारण क्षतिग्रस्त हो गई हैं। खेत खलियान तो पूरी तरीके से पानी में ही डूब गए हैं ओर कुछ वाहन भी पानी में फंसे दिखाई दे रहे हैं।
जलभराव वाली जगह से बुजुर्ग लोगों को चारपाई पर बिठाकर लोगों के समूह की ओर से सुरक्षित बाहर निकाला गया। भारी बारिश का सबसे भयानक दृश्य चड़तगढ नाम के गांव में दिखाई दिया । जहां एक पूरा आशियाना बारिश की वजह से ध्वस्त हो गया । पीड़ित परिवार के अनुसार रविवार सुबह 4 बजे के आसपास भारी आवाज सुनाई दी और बाहर निकलने पर घर घर के साथ बना हुआ डंगा गिरा हुआ देखा और उसके कुछ देर बाद ही उनके घर के एक हिस्से का लेंटर भी गिर गया ।
गनीमत यह रही कि घर के सदस्यों ने कुछ समय पहले ही सुरक्षित बाहर निकल कर अपनी जान बचाई । बता दें कि पीड़ित परिवार के मुखिया की पहले ही मृत्यु हो चुकी है और बच्चों ने लोन लेकर यह मकान बनाया था। पीड़ित परिवार सरकार से सहायता की गुहार लगा रहा हैं।
