बिलासपुर/सुभाष ठाकुर – घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र में स्थानीय विधायक और प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री के विकास के दावे फेल हो रहे है। केबिनेट मंत्री अपने वार्ड की डेढ़ किलोमीटर सड़क को पक्का नही करवा पाए है। जी हाँ हम बात कर रहे है नगर परिषद के वार्ड नं 6 टिककरी की, जहाँ के लोगो के लिए करीब डेढ़ किलोमीटर सड़क का पक्का होना बरसों बाद भी आज एक सपना ही बनकर रह गया है। जिसका मुख्य एक कारण यह भी है कि यह सड़क नगर परिषद के साथ-साथ ग्राम पंचायत घुमारवीं तथा ग्राम पंचायत दकड़ी के अंतर्गत आती है। जब की हैरत की बात तो यह है कि नगर परिषद घुमारवीं का यह वार्ड स्थानीय विधायक और प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री का भी है। लेकिन लोगों के लिए फिर भी कोई राहत नहीं है और दो पंचायतें तथा नगर परिषद मिलकर भी इस डेढ किलोमीटर सड़क को आज तक पक्का नहीं कर पाई हैं। बताते चलें कि शहर से सटे कुलारु से कोर्ट रोड तक सड़क की दुर्दशा यह है कि सड़क पर चल पाना बेहद मुश्किल है और अगर कहीं बारिश हो गई तो ग्रामीणों के लिए यह सड़क किसी बड़ी आफत से कम नहीं होती है।
गोर हो की करीब ढाई किलोमीटर लंबी इस सड़क का निर्माण वर्ष 2015-16 में तत्कालीन विधायक राजेश धर्माणी द्वारा करवाया गया था। नगर परिषद की मानें तो यह सड़क लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत आती है । यही हाल पंचायतों का भी है उनका भी यही मानना है और शायद लोगों के लिए यही मुसीबत का सबसे बड़ा कारण है कि कोई भी इसे अपने स्तर पर पक्का नहीं करना चाहता है। जबकि इस सड़क से रोज सैकड़ों लोगों का कोर्ट आना जाना होता है यही नहीं डीएवी स्कूल तथा अन्य शिक्षण संस्थानों के लिए भी सैकड़ों बच्चे इस रास्ते से होकर गुजरते हैं। लेकिन सड़क पर वाहन चलाना तो दूर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। वही लोक निर्माण विभाग घुमारवीं के अधिशासी अभियंता दीपक कपिल का कहना है कि इस सड़क के लिए अभी बजट नही आया है। लेकिन जहाँ पर सड़क ज्यादा खराब है जल्द ही उसकी रिपेयर करवा दी जाएगी।
