हमीरपुर,6 नवंबर:सुजानपुर के पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के हालिया बयानों पर तीखा ह.मला बोला है।राणा ने कहा कि मुख्यमंत्री बार-बार यह दोहराकर कि वे पिछले 40 साल की व्यवस्था सुधार रहे हैं, क्या यह साबित करना चाहते हैं कि पिछले चार दशकों में प्रदेश के सभी मुख्यमंत्री सिर्फ अव्यवस्था छोड़कर गए हैं और अकेले सुक्खू ने ही राज्य का भला करने का बीड़ा उठाया है?
राजेंद्र राणा ने सुक्खू पर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्रियों का अपमान करने का आरोप लगाते हुए कहा कि डॉक्टर यशवंत सिंह परमार से लेकर वीरभद्र सिंह और रामलाल ठाकुर जैसे नेताओं ने प्रदेश को विकास की दिशा में आगे बढ़ाया है. भाजपा शासन में भी आए सभी मुख्यमंत्रियों ने विकास कार्यों को प्राथमिकता दी है।राणा ने कहा कि सुक्खू सरकार ने प्रदेश के इतिहास में सबसे ज्यादा कर्ज उठाकर हिमाचल को आर्थिक दलदल में धकेल दिया है।राणा ने सुक्खू के उस बयान को भी ढोंग करार दिया,जिसमें उन्होंने कहा कि उन्होंने सोने का गिफ्ट देने आए एक अधिकारी को मना किया।राणा ने सवाल उठाया कि यदि मुख्यमंत्री में इतनी नैतिकता है, तो जनता को उस अधिकारी का नाम बताएं और यह भी बताएं कि उन्होंने उस अधिकारी के खिलाफ कौन सी ठोस कार्रवाई की है।
