हमीरपुर:अरविन्द सिंह (TSN)-पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने प्रदेश कांग्रेस सरकार को घेरते हुए एक प्राइवेट लिमिटेड की तरह काम करने वाली पार्टी बताया है.राजेंद्र राणा ने कहा कि केंद्र में तो पहले से ही कांग्रेस पार्टी एक परिवार की प्राइवेट लिमिटेड पार्टी बनकर रह गई थी और अब प्रदेश में भी कांग्रेस पार्टी एक प्राइवेट लिमिटेड की तरह काम कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का नामकरण अब प्राइवेट लिमिटेड कर देना चाहिए क्योंकि इसमें अब कोई सिद्धांत व उसूल नहीं बचे हैं। उन्होंने कहा सरकार के काम करने के तौर तरीके और मुख्यमंत्री का तानाशाही रवैया लोकतांत्रिक परंपराओं से कतई मेल नहीं खाता।
राजेंद्र राणा ने तंज कसते हुए कहा कि जो लोग राज्यसभा चुनाव में बाहरी प्रत्याशी प्रदेश पर थोंप कर हिमाचल के स्वाभिमान को बेच रहे थे और हिमाचल के हितों से खिलवाड़ कर रहे थे, वे लोग अपने आप को साधु कहलवाने लगे हैं । लेकिन जिन लोगों ने हिमाचल के स्वाभिमान की लड़ाई लड़ी और हिमाचल के हितों से खिलवाड़ नहीं होने दिया व प्रदेश के बेरोजगारों के पक्ष में आवाज बुलंद की थी,उन्हें बिकाऊ करार दिया जा रहा है।राजेंद्र राणा ने कहा कि आज प्रदेश में कानून व्यवस्था का दिवाला पिट रहा है। युवाओं के रोजगार के दरवाजे बंद पड़े हैं। विकास कार्य ठप पड़े हैं। लेकिन सुक्खू सरकार सत्ता के नशे में मस्त होकर चैन की बंसी बजा रही है और एक प्राइवेट लिमिटेड की तरह प्रदेश को हांक रही है।
