शिमला:चन्द्रिका(TSN)-उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र राणा ने आज सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में अलग-अलग जगह पर नुक्कड़ सभाओं को संबोधित किया.इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर जमकर अपनी भड़ास निकाली और कांग्रेस नेताओं के बयानों पर भी पलटवार किया.
भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र राणा ने कहा कि आज कांग्रेस के जो लोग मीडिया में आकर जनादेश के अपमान की बड़ी-बड़ी बातें कर रहे हैं,वे उस समय मुंह पर पट्टी बांधे क्यों बैठे थे जब कांग्रेस सरकार में चुने हुए विधायकों को जलील किया जा रहा था और विकास के मामले में उनके हलकों को नजरअंदाज किया जा रहा था।राजेंद्र राणा ने कहा कि जब तानाशाही तरीके से 6 विधायकों के सदस्यता खत्म कर दी गई,तब कांग्रेस के इन बयानवीर नेताओं ने मुख्यमंत्री को नसीहत क्यों नहीं दी।राजेंद्र राणा ने कहा कि प्रदेश की जनता यह हकीकत जानती है कि प्रदेश में सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार ने सत्ता में आते ही पूर्व सरकार द्वारा खोले गए 900 से ज्यादा संस्थान व्यवस्था परिवर्तन के नाम पर बंद कर दिए।उन्होंने कहा कि पूर्व कांग्रेस सरकार ने सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र सहित जिन विधानसभा क्षेत्र में आईपीएच के डिवीजन खोले थे,उन्हें तो बहाल नहीं किया गया लेकिन सिर्फ हरोली और नादौन के डिवीजन बहाल कर दिए गए।राजेंद्र राणा ने कहा कि इन चुनावों में जनता कांग्रेस को आईना दिखाने के लिए तैयार बैठी है।
