बिलासपुर/सुभाष ठाकुर: नयना देवी विधानसभा क्षेत्र की जनता न ही विधायक की कार्यप्रणाली से खुश है और न ही पूर्व भाजपा विधायक एवं राज्य आपदा प्रबंधन बोर्ड के उपाध्यक्ष की कार्यप्रणाली से खुश हैं। यह बात वरिष्ठ भाजपा व अधिवक्ता दौलत राम शर्मा ने बिलासपुर प्रेसवार्ता में कही। उन्होंने कहा कि रामलाल ठाकुर ने जहां प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष पद छोड़ दिया है। अन्य को मौका देने की बात कही है। वहीं इसी तर्ज पर रणधीर शर्मा को भी इस बार अन्य व्यक्ति को मौका देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि नैना देवी क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं की भी अनदेखी हुई है। वहीं अब चाय पर चर्चा के कार्यक्रम के बाद रूठे कार्यकर्ताओं की ओर से नयना देवी विधानसभा क्षेत्र में एक अक्टूबर से रथ यात्रा की जाएगी। जिसमें कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनी जाएंगी। साथ ही केंद्र और प्रदेश सरकार की कल्याणकारी नीतियों के बारे में लोगों को जागरूक किया जाएगा।
दौलत राम शर्मा ने कहा कि इस बार पार्टी को अन्य व्यक्ति को प्रत्याशी के तौर पर उतारा जाना चाहिए। ताकि नैना देवी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी की जीत हो सके। उन्होंने कहा कि यदि इस और हाईकमान की ओर से उचित कदम नहीं उठाए गए तो इसका नुकसान भी भविष्य में झेलना पड़ सकता है। जिसके चलते पार्टी हाईकमान को उचित कदम उठाने की आवश्यकता है।
