अनिल कुमार, किन्नौर: बैंक के ग्राहकों को साईबर सुरक्षा और बैंकिंग नियमों की जानकारी देने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक व एच.डी.एफ.सी बैंक रिकांगपिओ के संयुक्त तत्वाधान में सोमवार को किन्नौर जिला के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान रिकांगपिओ में ग्राहक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में ग्राहकों, उपस्थित लोगों व आई.टी.आई के छात्र/छात्राओं को बैंकों की ओर से चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं व कार्यक्रमों के बारे में बताया गया व साथ ही ग्राहकों के साथ होने वाली धोखाधड़ी से बचाव बारे भी जानकारी प्रदान की गई।

इस अवसर पर एच.डी.एफ.सी बैंक के शाखा प्रबंधक अनुपम भारद्वाज ने बताया कि भारतीय रिजर्व बैंक की ओर से 1 नवंबर से 30 नवंबर तक समूचे देश व प्रदेश सहित किन्नौर जिला में भी ग्राहक जागरूकता शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, जिसके तहत सोमवार को इस शिविर के माध्यम से जिले के लोगों को बैंक वित्तीय साक्षरता प्रदान करने के साथ-साथ साइबर धोखाधड़ी से सावधानी व बचाव बारे जानकारी प्रदान की गई। इसके अलावा लोगों को डिजिटल उत्पादों के बारे में भी बताया गया।
उन्होंने बताया कि इस जागरूकता शिविर का उद्देश्य लोगों को सुरक्षित बैंकिंग प्रणाली, वित्तीय अधिकार शिकायत व निवारण के साधनों के साथ-साथ बैंकों की ओर से चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं व जन-कल्याणकारी नीतियों से अवगत करवाना है। ताकि सभी पात्र व्यक्ति इन योजनाओं का लाभ उठा सकें। इस अवसर पर जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक कार्यालय के अधिकारी, एच.डी.एफ.सी बैंक के अधिकारियों व कर्मचारियों सहित औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान रिकांगपिओ के शिक्षक व छात्र उपस्थित रहे।
