अरविंदर सिंह,हमीरपुर: भाजपा को विधानसभा चुनावों में इसलिए हार का सामना करना पड़ा क्योंकि कार्यकर्ताओं और नेताओं में गलतफहमी पैदा हो गई थी कि वह चुनाव तो जीत ही जाएंगे। माहौल उनके पक्ष में ही है, लेकिन यह गलतफहमी ही सब पर भारी पड़ी। यह बात पूर्व मुख्यमंत्री सदस्य प्रेम कुमार धूमल ने समीरपुर में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही। यहां भाजपा के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष देशराज शर्मा भी गुरुवार को समीरपुर में पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल से आशीर्वाद लेने के लिए कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ पहुंचे हुए थे।
इस मौके पर धूमल ने कहा कि हनुमान जी को भी उनकी शक्ति याद दिलानी पड़ी थी और अब ऐसा ही समय भाजपा कार्यकर्ताओं को उनकी शक्ति और मेहनत को याद करवाने का आ गया हैं म कार्यकर्ताओं में कहीं भी जोश और ताकत की कमी नहीं है लेकिन अब उन्हें अपनी इसी शक्ति और मेहनत को पहचान कर 2024 के चुनावों की तैयारी में जुट जाना होगा ताकि एक बार फिर से केंद्र में मोदी सरकार सत्ता में आ सके।
उन्होंने कहा कि देशराज पिछले कई दशकों से पार्टी के विभिन्न पदों पर काम करते आए हैं ओर हम जिलाध्यक्ष बनने पर उन्हें बधाई देते है। अब उन्हें एक बार फिर से दायित्व का बड़ा जिम्मा मिला हैं। सबको साथ लेकर चलना होगा ताकि 2024 की जीत पक्की की जा सके। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता कभी भी निष्क्रिय नहीं होते वह हमेशा हर जगह सक्रिय रहते हैं।
