संजीव महाजन,नूरपुर: ज्वाली विधानसभा के तहत बनोली में 8 करोड़ 25 लाख रुपए की लागत से बनने वाली बनोली- डुगलू-वासा-कोठा-हरनेरा सड़क की आधारशिला गुरुवार को कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चंद्र कुमार ने रखी। इस अवसर पर एसडीएम मोहिंद्र प्रताप सिंह, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता मोहिंद्र धीमान विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कृषि मंत्री चंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि साढ़े नौ किलोमीटर लंबी इस सड़क का निर्माण कार्य नाबार्ड के तहत किया जाएगा,जिससे क्षेत्र के 11 गांवों की आबादी को लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि इस सड़क को बनाने के लिए लोगों की वर्षों पुरानी मांग थी। उन्होंने चुनावों से पहले लोगों से किए गए अपने वायदे को प्राथमिकता से पूरा किया हैं।
उन्होंने बताया कि इस सड़क के बनने से ज्वाली से नूरपुर की दूरी कम होने के साथ समय की भी बचत होगी। उन्होंने बताया कि मंढोल-चचियां-राजा का तालाब सड़क के शेष बचे निर्माण कार्य को बरसात खत्म होने के पश्चात युद्धस्तर पर शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सड़कें किसी भी क्षेत्र के विकास की भाग्य रेखाएं होती हैं । प्रदेश की लगभग 95 प्रतिशत आबादी ग्रामीण क्षेत्रों में रहती हैं।
कांग्रेस पार्टी के कार्यकाल में विधानसभा क्षेत्र में सड़कों, पुलों का जाल बिछाया गया हैं । इस क्षेत्र के 90 प्रतिशत गांवों को सड़क सुविधा से जोड़ा जा चुका है ओर शेष बचे गांवों को भी प्रथमिकता के आधार पर सड़क सुविधा प्रदान की जाएगी विधानसभा क्षेत्र में रुके हुए सभी विकास कार्यों को चरणबद्ध तरीके से युद्धस्तर पर पूरा किया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों ओर ठेकेदारों से निर्माण कार्यों में गुणवत्ता पर विशेष ध्यान रखने सहित धन के सही इस्तेमाल को सुनिश्चित बनाने पर भी बल दिया। उन्होंने बताया कि बनोली क्षेत्र में पानी की कमी को दूर करने के लिए विभागीय अधिकारियों की ओर से एक नया ट्यूबवेल लगाने के लिए सर्वे पूरा किया जा चुका हैं। इसके अतिरिक्त जरूरत के अनुसार यहां पर बड़ी क्षमता के अतिरिक्त भंडारण टैंक भी बनाए जाएंगे।
बारिश से हुआ पांच हजार करोड़ का नुकसान
चंद्र कुमार ने बताया कि इस क्षेत्र में मक्की की फसल को कीड़ा लगने के कारण कुछ नुकसान पहुंचा है। जिसको रोकने के लिए उन्होंने विभाग के अधिकारिओं को किसान के खेतों में जाकर तुरंत आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। कृषि मंत्री ने बताया कि पिछले दिनों प्रदेश में घटित प्राकृतिक आपदा के कारण जानमाल को भारी नुकसान पंहुचा है। जिससे प्रारंभिक अनुमान के अनुसार पांच हज़ार करोड़ से अधिक के नुकसान का अनुमान आंका गया है। उन्होंने बताया कि कृषि क्षेत्र को भी इसके कारण 85 करोड़ रुपए का नुकसान पहुंचा हैं। उन्होंने इस मौके पर जनसमस्याओं को सुनते हुए सभी विभागीय अधिकारियों को इनके शीघ्र समाधान सुनिश्चित बनाने के भी निर्देश दिए।
