राहुल चावला,धर्मशाला: रिजनल फारेंसिक साइंस लैबोरेटरी (आरएफएसएल) नार्थन रेंज धर्मशाला में पूरे भारत वर्ष के फारेंसिक साइंस के स्टूडेंटस छात्रों को फॉरेंसिक साइंस से जुड़ा हुआ प्रैक्टिकल ज्ञान मुहैया करवा रही हैं। इसके लिए देश भर से छात्र यहां इंटर्नशिप के लिए पहुंचते हैं। प्रैक्टिकल ट्रेनिंग के दौरान स्टूडेंटस को फारेंसिक साइंस लैब में किस तरह से कार्य होता है, किस तरह के केस आते हैं और केस से जुड़े सबूतों का किस तरह से आंकलन किया जाता है, इसकी जानकारी उन्हें दी जाती हैं।
आरएफएसएल धर्मशाला की डिप्टी डायरेक्टर डॉ. मीनाक्षी महाजन ने बताया कि वर्तमान में बैंगलोर, गुजरात के स्टूडेंटस यहां वर्तमान में लैब में प्रैक्टिकल ट्रेनिंग कर रहे हैं। आगामी महीनों में दिल्ली, पंजाब, चंडीगढ़ के फारेंसिक साइंस के स्टूडेंटस भी धर्मशाला आएंगे, जिन्होंने प्रैक्टिकल ट्रेनिंग के लिए आवेदन कर रखा हैं।
उन्होंने बताया कि भावी फारेंसिक वैज्ञानिक हैं, जिन्हें हम फर्स्ट हैंड जानकारी देने का प्रयास करते हैं। हर साल 200 से अधिक स्टूडेंटस प्रैक्टिकल ट्रेनिंग के लिए आते हैं। इंटर्नशिप के लिए आने वाले छात्रों को आवश्यक दिशानिर्देश जारी किए जाते हैं ओर निगरानी भी रखी जाती है ताकि लैब की गोपनीयता भंग न हो। इसी के मद्देनजर लैब में मोबाइल भी छात्रों के लिए वर्जित किया गया हैं।
