संजु चौधरी,शिमला: रेहड़ी फड़ी तयबजारी यूनियन ससंबंधित सीटू का एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार को अपनी मांगों को लेकर नगर निगम शिमला के आयुक्त भूपेंद्र अत्री से मिला। उनसे मुलाकात कर उन्हें एक मांगपत्र भी प्रतिनिधि मंडल ने सौंपा। यूनियन ने नगर निगम आयुक्त भूपेंद्र अत्री से मांग की है कि स्ट्रीट वेंडर्स एक्ट 2014 को सख्ती से लागू किया जाए व तयबजारियों को कानून के विरुद्ध उजाड़ना बंद किया जाए।
सीटू प्रदेशाध्यक्ष विजेंद्र मेहरा ने कहा कि नगर निगम प्रशासन पिछले काफी समय से स्ट्रीट वेंडर्स एक्ट 2014 का खुला उल्लंघन कर रहा हैं। रेहड़ी फड़ी तयबजारी का कार्य करने वाले सैंकड़ों लोगों को आज भी स्ट्रीट वेंडर्स एक्ट के नियमानुसार सर्टिफिकेट जारी नहीं हुए हैं। टाउन वेंडिंग कमेटी की बैठक समयानुसार नहीं हो रही हैं। टीवीसी बैठकों के अभाव में कानून लागू होने की नौ वर्ष बाद भी कई रेहड़ी फड़ी तयबजारियों को सर्टिफिकेट जारी नहीं हो पाए हैं जोकि कानूनी तौर पर उनका हक हैं।
उन्होंने स्ट्रीट वेंडर्स एक्ट के अनुसार गैर पंजीकृत तयबजारियों को तुरंत सर्टिफिकेट जारी करने की मांग की हैं। उन्होंने तयबजारियों को उजाड़ने की प्रक्रिया पर रोक लगाने की मांग की है क्योंकि स्ट्रीट वेंडर्स एक्ट 2014 इसकी इजाज़त नहीं देता हैं। उन्होंने कहा कि आजीविका भवन में दुकान आबंटित होने के बावजूद भी कुछ लोगों ने अपनी तयबजारी की पुरानी जगह अन्यों को किराए पर दे दी हैं। इस पर तुरंत कार्रवाई होनी चाहिए।
